मेघनगर। भीषण गर्मी को देखते हुए सामाजिक संस्था रोटरी क्लब अपना मेघनगर द्वारा मानव सेवा की दिशा में सराहनीय पहल करते हुए साईं चौराहा स्थित साईं मंदिर के पास स्थाई जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ किया गया। इस पुनीत कार्य का शुभारंभ समाजसेवी रवि सुराना, वेद प्रकाश बसेर एवं वरिष्ठ पत्रकार विमल जैन के करकमलों से संपन्न हुआ। यह जल मंदिर स्वर्गीय ओमप्रकाश गुप्ता की स्मृति में श्रीमती शोभा देवी गुप्ता एवं नीतेश गुप्ता (इंदौर) के सौजन्य से स्थापित किया गया है, जिससे राहगीरों को शुद्ध एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके। कार्यक्रम की शुरुआत रोटरी क्लब के अध्यक्ष गोविंद सिंह चौहान द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई। इसके पश्चात विधि-विधान से पूजन कर जल मंदिर का शुभारंभ किया गया। क्लब के संस्थापक अध्यक्ष भरत मिस्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि नगर में अब तक पांच स्थाई प्याऊ स्थापित किए जा चुके हैं तथा जल्द ही गणेश मंदिर पर छठा प्याऊ भी प्रारंभ किया जाएगा। इस अवसर पर समाजसेवी रवि सुराना ने रोटरी क्लब के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यों में समाज के प्रत्येक व्यक्ति को सहयोग करना चाहिए। वहीं, रोटरी क्लब के पूर्व अध्यक्ष महेश प्रजापति ने भी संस्था के निरंतर सेवा कार्यों की प्रशंसा की। वरिष्ठ पत्रकार एवं समाजसेवी विमल जैन ने अपने उद्बोधन में कहा कि रोटरी क्लब द्वारा संचालित प्रकल्पों का निरंतर संचालन ही उसकी सबसे बड़ी विशेषता है। उन्होंने कहा कि मेघनगर ही नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों में भी रोटरी क्लब की सेवा भावना की सराहना की जाती है। कार्यक्रम में प्रकाश पांचाल, धर्मेंद्र पाटीदार, तुलसीराम पाटीदार, सौरभ पांचाल, पवन सोलंकी, दर्पण पांचाल, हार्दिक पांचाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भरत मिस्त्री ने किया एवं आभार रोटरी क्लब के सचिव कमलेश गरवाल ने व्यक्त किया।