*
*जनगणना 2027 के प्रथम चरण के लिए “स्व-गणना” की सुविधा प्रारंभ*
*डेटा सबमिट करने पर मिलेगी 11 अंकों की विशिष्ट SE ID*
*धार, 16 अप्रैल 2026।* भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनगणना-2027 के प्रथम चरण “मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना” के लिए स्व-गणना (Self-Enumeration) की सुविधा आज से प्रारंभ हो गई है। जिले के नागरिक अब घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से अपने परिवार का विवरण पोर्टल पर दर्ज कर सकेंगे। मध्यप्रदेश में यह सुविधा 30 अप्रैल 2026 तक उपलब्ध रहेगी।
*ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया*
जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर कलेक्टर ने बताया कि नागरिक आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। पोर्टल पर राज्य का चयन कर परिवार के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करना होगा। विशेष ध्यान रहे कि एक बार पंजीकरण होने के बाद मुखिया का नाम और चयनित भाषा में परिवर्तन नहीं किया जा सकेगा। प्रक्रिया के दौरान नागरिकों को मानचित्र पर अपने आवासीय भवन के सटीक स्थान को भी चिन्हित करना होगा।
*मिलेगी विशिष्ट SE ID*
प्रश्नावली के सभी उत्तर सफलतापूर्वक सबमिट करने के बाद सिस्टम द्वारा 11 अंकों की एक विशिष्ट स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) उत्पन्न होगी। यह आईडी नागरिक के पंजीकृत मोबाइल नंबर और ईमेल पर भी भेजी जाएगी।
*प्रगणक द्वारा सत्यापन अनिवार्य*
स्व-गणना करने के बाद भी क्षेत्रीय सत्यापन की प्रक्रिया अनिवार्य रहेगी। जब जनगणना प्रगणक 1 मई से 30 मई 2026 के बीच घर-घर भ्रमण के लिए आएंगे, तब नागरिकों को अपनी SE ID उनके साथ साझा करनी होगी। यदि आईडी का मिलान पोर्टल के डेटा से हो जाता है, तो जानकारी को अंतिम रूप से स्वीकार कर लिया जाएगा। मिलान न होने या तकनीकी त्रुटि की स्थिति में प्रगणक पुनः मौके पर जानकारी एकत्रित करेंगे।
*राष्ट्रीय कार्य में सहयोग की अपील*
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों, प्रबुद्धजनों और शासकीय कर्मचारियों से इस तकनीकी सुगम प्रक्रिया का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि स्व-गणना से न केवल समय की बचत होगी, बल्कि डेटा की शुद्धता भी सुनिश्चित होगी। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में जिले के प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अपेक्षित है।