झाबुआ -। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय थांदला की कक्षा 10वीं की छात्रा कु. आयुषी दातला, पिता रविंद्र दातला का भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित युविका विज्ञानी कार्यक्रम में चयन होने पर कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा सम्मानित किया गया।
यह कार्यक्रम देश के मेधावी विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अनुसंधान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में प्रारंभिक स्तर पर प्रोत्साहित एवं प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है। छात्रा का चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा के आधार पर हुआ है, जो झाबुआ जिले के लिए गौरव एवं उपलब्धि का विषय है। कलेक्टर डॉ. भरसट ने छात्रा को शुभकामनाएं देते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा कहा कि जिले की प्रतिभाएं राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है । विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों ने भी छात्रा की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया। विद्यालय के प्राचार्य श्री पी.सी. कानव ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्रा 12 दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम हेतु सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र, श्रीहरिकोटा जाएगी, जहां उसे अंतरिक्ष विज्ञान एवं विभिन्न आधुनिक तकनीकों से संबंधित व्यावहारिक जानकारी प्राप्त होगी।