*धार, 08 मई 2026।* भारत सरकार द्वारा आयोजित “जनगणना 2027” के प्रथम चरण ‘मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना’ के सफल क्रियान्वयन हेतु धार जिले में व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में शासन द्वारा तैयार किए गए विशेष जनगणना रथ ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर नागरिकों को इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य के प्रति जागरूक किया। नगरीय क्षेत्र कुक्षी में भ्रमण के दौरान मुख्य नगरपालिका अधिकारी श्री मयाराम सोलंकी ने नगरवासियों से अपील करते हुए कहा कि जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत 1 मई से 30 मई 2026 तक नियुक्त प्रगणक घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित कर रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे प्रगणकों को अपने परिवार, मकान की स्थिति और उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं के संबंध में बिल्कुल सही और सटीक जानकारी प्रदान कर राष्ट्र निर्माण में अपना अमूल्य सहयोग दें। अभियान के दौरान जनगणना रथ ने निकाय के प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर रुककर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जनगणना से संबंधित जानकारीपूर्ण वीडियो प्रसारित किए। इन वीडियो के जरिए नागरिकों को बताया गया कि उनके द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है और इसका उपयोग केवल विकास योजनाओं के निर्माण हेतु किया जाता है। “हमारी जनगणना-हमारा विकास” के संदेश के साथ, इस रथ भ्रमण का मुख्य उद्देश्य अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक जनगणना की आवश्यकता और उसके लाभों की जानकारी पहुँचाना है।