झाबुआ जिले में कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुदृढ़ एवं जनोन्मुखी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा लगातार जिले के समस्त थानों एवं चौकियों का औचक एवं सघन निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक महोदय ने चौकी पारा सहित अलीराजपुर एवं धार जिले से लगे सीमावर्ती क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं पुलिस गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा सीमा पार से आने-जाने वाले संदिग्ध अपराधियों, चोरी एवं नकबजनी जैसी घटनाओं के बाद अपराधियों द्वारा उपयोग किए जाने वाले संभावित मार्गों का सूक्ष्म अध्ययन किया गया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत सघन चेकिंग अभियान चलाने, सक्रिय बदमाशों पर कड़ी निगरानी रखने एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस की सतर्कता एवं सक्रियता बनाए रखना अपराध नियंत्रण की दृष्टि से अत्यंत आवश्यक है।
बीती शाम पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने थाना पेटलावद, चौकी करवड़ एवं चौकी सारंगी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान प्रशासनिक एवं तकनीकी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा करते हुए सीसीटीएनएस (CCTNS) एवं एनसीआरपी (NCRP) पोर्टल पर ऑनलाइन जानकारी दर्ज करने, साइबर शिकायतों के पंजीयन एवं उनके त्वरित निराकरण की स्थिति का अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना परिसर की स्वच्छता, अभिलेख संधारण, हवालात व्यवस्था एवं लंबित प्रकरणों की समीक्षा भी की गई। पुलिस अधीक्षक द्वारा जप्त वाहनों के शीघ्र निराकरण एवं जप्त अवैध शराब के विधिसम्मत नष्टीकरण के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी प्रकरणों का गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। अपराध रजिस्टर सहित अन्य महत्वपूर्ण अभिलेखों का निरीक्षण कर उनके सुव्यवस्थित संधारण हेतु आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार ने पेटलावद क्षेत्र में बालक की निर्मम हत्या की घटना को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए प्रकरण के शीघ्र खुलासे हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने चौकी करवड़ क्षेत्र में हुई एक अन्य अज्ञात हत्या के घटनास्थल का निरीक्षण कर संबंधित टीम को आरोपियों की जल्द पहचान एवं गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने रतलाम जिले की सीमा से जुड़े प्रमुख मार्गों एवं माही नदी क्षेत्र का भी भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने कहा कि आमजन की शिकायतों पर संवेदनशीलता, तत्परता एवं पारदर्शिता के साथ कार्रवाई करना झाबुआ पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतकर्ताओं के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने तथा पीड़ितों को त्वरित न्याय दिलाने हेतु गंभीरता एवं प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु नियमित गश्त एवं संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखने पर विशेष बल दिया गया।