* *झाबुआ, 19 मई 2026।* आज जिला पुलिस लाइन झाबुआ में आयोजित साप्ताहिक जनरल परेड का निरीक्षण पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने परेड की सलामी ली तथा उपस्थित समस्त राजपत्रित एवं अराजपत्रित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के टर्नआउट, अनुशासन एवं परेड की समग्र व्यवस्था का सूक्ष्म एवं गहन निरीक्षण किया। परेड के दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट एवं सराहनीय अनुशासन प्रदर्शित करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री पाटीदार ने परेड की गुणवत्ता, समन्वय एवं अनुशासन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूर्ण निष्ठा, अनुशासन, टीम भावना एवं उत्कृष्ट कार्यशैली के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने हेतु प्रेरित किया।
परेड के उपरांत पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा पुलिसकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया तथा उनके शीघ्र एवं प्रभावी निराकरण हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश प्रदान किए गए। इसके पश्चात उन्होंने पुलिस अस्पताल एवं पुलिस लाइन परिसर का भी निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, साफ-सफाई एवं उपलब्ध सुविधाओं का विस्तृत जायजा लिया।
इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया, एसडीओपी झाबुआ श्री कमलेश शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री अखिलेश राय सहित जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं अन्य पुलिस अधिकारी-कर्मचारी उप स्थित रहे।