* *धार, 24 मई 2026।* कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना रविवार को 25 मई 2026 को प्रत्येक ग्राम स्तर पर गंगा दशहरा उत्सव आयोजित करने एवं जिला स्तर पर देवीजी तालाब में स्वच्छता अभियान चलाने के संबंध में स्थानीय स्वैच्छिक संगठनों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक के प्रारंभ में उन्होंने सभी उपस्थित प्रतिनिधियों से उनका परिचय एवं सामाजिक कार्यों की जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर श्री मीना ने निर्देश दिए कि धार जिले में स्थित जल स्रोतों जैसे बावड़ी, कुएं एवं तालाब के संरक्षण, स्वच्छता एवं सफाई के लिए प्रत्येक संस्था एवं सामाजिक कार्यकर्ता एक-एक जल स्रोत को गोद लेकर उस पर कार्य करें तथा इसके लिए कार्ययोजना तैयार करें। बैठक में उपस्थित एनजीओ प्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि पूर्व में साफ की गई बावड़ियों पर पुनः कचरा न डाला जाए, इसके लिए वहां जाली लगाई जाए तथा जागरूकता संबंधी सूचना बोर्ड लगाए जाएं। ग्राम समितियों द्वारा तालाबों एवं तलैयों के गहरीकरण का विषय भी रखा गया, जिससे अधिक जल संचयन हो सके। कलेक्टर ने ग्रामवार बावड़ियों की सूची तैयार कर उन पर जन सहभागिता से व्यवस्थित रूप से कार्य करने की आवश्यकता बताई, जिससे जल संरक्षण को बढ़ावा मिल सके। बैठक के उपरांत धार के स्थानीय स्वयंसेवी संगठनों को 25 मई 2026 को गंगा दशहरा उत्सव के अवसर पर देवी सागर तालाब में श्रमदान एवं स्वच्छता अभियान में सहभागिता हेतु आमंत्रित किया गया। बैठक में जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक श्री नवनीत रत्नाकर, रेडक्रॉस श्री शैलेंद्र तिवारी, श्री छोटू शास्त्री, उदय रंजन क्लब श्री नरेश शर्मा, राजवाड़ा चौक सेवा समिति श्री नवनीत जैन, खरसोड़ा सेवा समिति श्री विकास शर्मा, श्री राहुल पाल सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी, प्रस्फुटन समिति, नवांकुर समिति, सीएमसीएलडीपी छात्र-छात्राएं तथा स्थानीय सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित उपस्थित रहे।