झाबुआ

झूठी शिकायत और सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप, ग्राम पंचायत डिग्गी सरपंच ने कलेक्टर से लगाई न्याय की गुहार

Published

on


झाबुआ। ग्राम पंचायत डिग्गी के सरपंच कानूसिंह पिता झांगू पहाड़ा भील ने जनसुनवाई में कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सोशल मीडिया पर झूठी और भ्रामक जानकारी प्रसारित कर उनकी एवं ग्राम पंचायत की छवि धूमिल करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।
आवेदन में सरपंच ने बताया कि वर्ष 2000 से उनके परिवार का ग्राम पंचायत डिग्गी के विकास कार्यों में योगदान रहा है तथा वर्तमान में वे स्वयं सरपंच पद का दायित्व निभा रहे हैं। उनके अनुसार पंचायत में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य कराए गए हैं और अनेक कार्य अभी भी जारी हैं । सरपंच ने आरोप लगाया कि अजय पिता मडिया पहाड़ा द्वारा पिछले एक माह से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ भ्रामक जानकारियां फैलाई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि अन्य गांवों के कार्यों के फोटो और वीडियो को ग्राम पंचायत डिग्गी का बताकर व्हाट्सएप एवं इंस्टाग्राम जैसे माध्यमों पर प्रसारित किया जा रहा है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास हो रहा है । आवेदन में उपसरपंच , बालु  पंच प्रेमचंद, विकास, विजय, कलमा आदि ने भी सरपंच की बात को सही माना है । आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि कुछ लोगों द्वारा उन्हें ब्लैकमेल कर धनराशि की मांग किए जाने की बात सामने आई है। सरपंच ने कलेक्टर से पूरे मामले की जांच कराने तथा यदि किसी कार्य में कमी पाई जाती है तो उसे अपने कार्यकाल में पूर्ण कराने का आश्वासन भी दिया है ।

Trending