रतलाम, 6 जून।(आशीष राजेन्द्र कुमार सोनी )आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी से निकली दिवंगत संत सत्य साई बाबा की 100वीं जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में आयोजित दिव्य ‘प्रेम वाहिनी’ रथ यात्रा का आगमन शनिवार को रतलाम नगर में होगा। यात्रा श्री सत्य साई बाबा की पावन चरण पादुकाओं को लेकर देशभर में भ्रमण कर रही है और मध्य प्रदेश के विभिन्न जिलों से होते हुए आज रतलाम पहुंचेगी। रतलाम जिले के कन्विनर कमल सोलंकी के नेतृत्व में अनिल भट्ट, डॉ. विनोद भट्ट, आशीष सोनी, हनुमंत रत्नपारखे, रवि हंसोगे, रमेश मालवीय, बी.एल. चौहान, संदीप दल्वी सहित अनेक श्रद्धालु धार जिले के बदनावर पहुंचकर यात्रा की अगवानी करेंगे। इसके बाद रथ यात्रा दो बत्ती, सैलाना बस स्टैंड, राम मंदिर एवं कस्तूरबा नगर मार्ग से होते हुए 80 फीट रोड स्थित नारायणी पैलेस गार्डन पहुंचेगी, जहां श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा। नारायणी पैलेस गार्डन में श्री सत्य साई बाबा की चरण पादुकाओं का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा तथा दर्शनार्थ रखा जाएगा। शाम 4 से 6 बजे तक पादुका रथ का 80 फीट रोड एवं कस्तूरबा नगर क्षेत्र में भ्रमण कराया जाएगा, जिससे अधिकाधिक श्रद्धालु दर्शन लाभ प्राप्त कर सकें। इसके पश्चात शाम 7 बजे से वेद पाठ, नाम संकीर्तन एवं भजन संध्या का आयोजन होगा। रात्रि 8 बजे महामंगल आरती एवं भोग अर्पण के बाद दिव्य रथ के पट बंद कर विश्राम कराया जाएगा। 7 जून को होगा नगर संकीर्तन यात्रा के दूसरे दिन 7 जून को प्रातः 5:20 बजे चरण पादुकाओं के समक्ष ओमकार सुप्रभातम् का पाठ किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालु सत्य साई भजनों के साथ नगर संकीर्तन करते हुए लगभग एक घंटे तक भ्रमण करेंगे। शाम 7 से 8 बजे तक पुनः वेद पाठ, भजन एवं संकीर्तन का आयोजन होगा, जिसके बाद महामंगल आरती संपन्न होगी। 8 जून को नामली के लिए होगा प्रस्थान दो दिनों तक रतलाम में श्रद्धालुओं को दर्शन देने के बाद प्रेम वाहिनी रथ यात्रा 8 जून को प्रातः 9:30 बजे नामली के लिए प्रस्थान करेगी। समिति ने सभी श्रद्धालुओं एवं नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्री सत्य साई बाबा की पावन चरण पादुकाओं के दर्शन एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों में सहभागी बनने का आग्रह किया है।