थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) स्वच्छता और अनुशासन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शनिवार प्रातः थांदला के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भास्कर गाचले ने अपने कार्यालयीन स्टाफ के साथ कार्यालय परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। अभियान के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से कार्यालय परिसर में फैली गंदगी की साफ-सफाई कर पूरे कार्यालय को स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाया।
इस अवसर पर एसडीएम भास्कर गाचले ने उपस्थित कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रत्येक कर्मचारी को अपने कार्यालय को मंदिर के समान मानना चाहिए। जिस प्रकार हम मंदिर में प्रतिदिन स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखते हैं, उसी प्रकार अपने कार्यस्थल को भी साफ-सुथरा एवं व्यवस्थित रखना हमारी जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण न केवल कार्य क्षमता को बढ़ाता है, बल्कि सकारात्मक ऊर्जा का भी संचार करता है। कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों पर भी इसका अच्छा प्रभाव पड़ता है और उन्हें बेहतर वातावरण का अनुभव होता है। साथ ही स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित कार्यालय में कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारी भी प्रसन्नचित्त रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन कर पाते हैं।
एसडीएम गाचले ने सभी कर्मचारियों से स्वच्छता को दैनिक कार्य संस्कृति का हिस्सा बनाने का आह्वान किया तथा कहा कि स्वच्छ कार्यालय ही सुशासन और बेहतर कार्यप्रणाली की पहचान है। स्वच्छता अभियान में कार्यालय के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उत्साहपूर्वक शामिल हुए।