पुलिस अधीक्षक झाबुआ श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा जिले में होने वाली अवैध गतिविधियों एवं मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु समस्त थाना प्रभारियों को लगातार निर्देशित किया जा रहा है। इसी तारतम्य में जिले भर में विशेष अभियान चलाकर अवैध शराब, मादक पदार्थ एवं अन्य अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन कार्रवाई की जा रही है।
इसी अभियान के तहत दिनांक 09.06.2026 को पुलिस चौकी झकनावदा की टीम को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम बिजोरी की ओर से एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम द्वारा ग्राम रूपाखेड़ा में घेराबंदी कर वाहन क्रमांक GJ-05-CS-3015 (सेवरोलेट क्रूज कार) को रोककर उसकी तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान वाहन से 30 पेटी अवैध देशी मदिरा मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1.50 लाख है। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त सेवरोलेट क्रूज कार, जिसकी अनुमानित कीमत ₹5 लाख है, को भी जप्त किया गया। इस प्रकार पुलिस द्वारा कुल ₹6.50 लाख मूल्य का मशरूका जप्त किया गया। पुलिस कार्रवाई के दौरान आरोपी गोविंद पाटीदार निवासी रायपुरिया मौके से फरार हो गया। आरोपी के विरुद्ध थाना रायपुरिया पर अपराध क्रमांक 182/2026 धारा 34(2), 46 आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।
उक्त कार्रवाई जिले में अवैध शराब के परिवहन एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की एक महत्वपूर्ण सफलता है। पुलिस द्वारा फरार आरोपी की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है तथा अवैध शराब के स्रोत एवं परिवहन नेटवर्क के संबंध में भी गहन जांच की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित कर कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाना है।
उक्त कार्रवाई में चौकी प्रभारी झकनावदा सहायक उप निरीक्षक सुरेन्द्र सिंह सिसोदिया, आरक्षक राजू (क्र. 571), शंकर (क्र. 331), सैनिक लक्ष्मण एवं चौकी मोबाइल चालक रमेश बघेल का सराहनीय योगदान रहा।
अवैध शराब जप्त करने की इस प्रभावी कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक झाबुआ द्वारा टीम को बधाई देते हुए उनके उत्साहवर्धन हेतु उचित पुरस्कार प्रदान किए जाने की घोषणा की गई है।