थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) आगामी त्योहारों एवं विशेष रूप से मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से थाना थांदला परिसर में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भास्कर गाचले की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शांति समिति के सदस्य, विभिन्न समाजों के प्रतिनिधि, पत्रकार बंधु, नगर के गणमान्य नागरिक, नगर परिषद, एमपीईबी, राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
बैठक में एसडीएम भास्कर गाचले ने आगामी त्योहारों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा करते हुए सभी समुदायों से आपसी भाईचारे, प्रेम एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि त्योहार सामाजिक एकता एवं सद्भाव के प्रतीक हैं, इसलिए सभी नागरिक प्रशासन का सहयोग करते हुए शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान मोहर्रम जुलूस मार्ग की व्यवस्थाओं की समीक्षा भी की गई। एसडीएम ने एमपीईबी अधिकारियों को जुलूस मार्ग पर आने वाले विद्युत तारों एवं खंभों की जांच कर आवश्यक सुधार कार्य समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए। वहीं नगर परिषद को जुलूस मार्ग सहित नगर में विशेष साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए कहा गया।
राजस्व एवं पुलिस विभाग को त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में तहसीलदार सुखदेव डावर, नायब तहसीलदार राजेश जमरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में एसडीएम भास्कर गाचले ने सभी नागरिकों से शांति, सद्भाव एवं आपसी भाईचारे के साथ त्योहार मनाने तथा नगर में अमन-चैन एवं सामाजिक समरसता बनाए रखने की अपील की। उपस्थित नागरिकों एवं शांति समिति के सदस्यों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।