थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार नगर परिषद थांदला द्वारा नगर परिषद परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर का आज एसडीएम थांदला भास्कर गाचले ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का भ्रमण कर आमजन को प्रदान की जा रही सेवाओं एवं योजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
एसडीएम श्री गाचले ने संबंधित विभागीय अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों, निराकरण की स्थिति तथा हितग्राहियों को दिए जा रहे लाभों के संबंध में चर्चा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में आने वाले प्रत्येक पात्र हितग्राही को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध एवं पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराया जाए।
निरीक्षण के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमलेश जायसवाल एवं नगर परिषद की अध्यक्षा भी उपस्थित रहीं। उन्होंने एसडीएम को नगर परिषद द्वारा शिविर में प्रदान की जा रही विभिन्न नागरिक सुविधाओं एवं सेवाओं की जानकारी दी।
एसडीएम श्री गाचले ने जनकल्याण शिविर को शासन की महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि ऐसे शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं और सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर सहज रूप से उपलब्ध हो रहा है, जिससे लोगों को कार्यालयों के चक्कर लगाने से मुक्ति मिल रही है।
शिविर में बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित होकर विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।