झाबुआ, 12 जून 2026।
थाना झाबुआ पुलिस ने एक युवती एवं उसके पति को धमकाकर 25 लाख रुपये की मांग करने तथा मारपीट करने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है।
फरियादिया ने अपने पति के साथ थाना झाबुआ उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई। फरियादिया ने बताया कि उसने दिनांक 04 फरवरी 2026 को अपनी स्वेच्छा एवं राजी-खुशी से शरद भुरिया के साथ झाबुआ न्यायालय में स्टाम्प के माध्यम से विवाह किया था तथा वर्तमान में अपने पति के साथ ग्राम मिंडल में निवास कर रही है।
फरियादिया के अनुसार उसके पिता वेस्ता पिता रामचंद बबेरिया, निवासी रंगपुरा, इस विवाह से नाराज हैं। दिनांक 08 जून 2026 को आरोपी वेस्ता ग्राम मिंडल पहुंचा और अपनी पुत्री के पति शरद से 25 लाख रुपये की मांग करते हुए रुपये नहीं देने पर दोनों को जान से खत्म करने की धमकी दी। साथ ही अश्लील गालियां देकर भय का वातावरण बनाया।
पीड़ित पक्ष द्वारा सामाजिक स्तर पर भील पंचायत के माध्यम से समझौते का प्रयास किया गया, किन्तु आरोपी किसी भी सामाजिक रीति-रिवाज के अनुसार समाधान के लिए तैयार नहीं हुआ। इसके बाद दिनांक 10 जून 2026 को झाबुआ बाजार में आरोपी ने फरियादिया के ससुर नेवला के साथ विवाद करते हुए उन पर पत्थर फेंके, जिससे उन्हें चोट आई।
घटना से भयभीत होकर फरियादिया, उसके पति, सास-ससुर के साथ थाना झाबुआ पहुंची और रिपोर्ट दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए झाबुआ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वेस्ता को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में वैधानिक कार्रवाई जारी है।