झाबुआ । शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन कर तेज रफ्तार वाहन चलाने एवं स्टंटबाजी करने वाले बाइक राइडर्स के खिलाफ यातायात पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। कार्रवाई के दौरान कई युवकों को यातायात नियमों के पालन की समझाइश दी गई , वाहनो के चालान काटे गए तथा उनकी मोटरसाइकिलें जब्त की गईं ।
यातायात पुलिस द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, बाईक राईडर के खिलाफ लगातार मिल रही शिकायतों और तेज रफ्तार से बाईक चलाना और छेड़खानी करना को लेकर मिली शिकायतो के तहत अभियान चलाया गया । शिकायत में महंगी बाईक के माध्यम से स्टंट बाजी करते हुए आमजन को परेशान करना भी शामिल हैं । अभियान के तहत ऐसे बाइक चालकों की पहचान की गई जो सार्वजनिक सड़कों पर खतरनाक तरीके से वाहन चलाकर स्वयं के साथ-साथ अन्य लोगों की जान को भी जोखिम में डाल रहे थे । कई बाईक राईडरो ने पुलिस को चकमा देने के लिए मेग्नेटिक नंबर प्लेट लगा रखी थी। कई बाईक सवारो ने अन्य नाम की नंबर प्लेट लगा रखी थी । यातायात पुलिस अपने चैकिंग अभियान के द्वारा तीन दिन में करीब 50 से अधिक बाईक को विभिन्न क्षेत्रों से पकड़ा गया और चालानी कारवाई की गई । कारवाई के दौरान संबंधित युवकों को थाना परिसर लाकर समझाइश दी गई तथा मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्यवाही की गई । यातायात पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें तथा सार्वजनिक स्थानों पर स्टंटबाजी से बचें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी । कारवाई के दौरान यातायात प्रभारी धर्मेन्द्र पटेल, उप निरीक्षक लोकेंद्र खेड़े व अन्य यातायात पुलिस मौजूद थी ।
यातायात नियमों का उल्लंघन, स्टंटबाजी और तेज रफ्तार वाहन चलाने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा ।