झाबुआ

रोहित पांचाल की हत्या या सुसाइड.?संदिग्ध मौत मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, पीड़ित परिवार व पांचाल समाज ने जनसुनवाई में एसपी को आवेदन दिया

Published

on


झाबुआ। मेघनगर थाना क्षेत्र के ग्राम काकनवानी निवासी रोहित पांचाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों और बड़ी संख्या में पांचाल समाज ने पुलिस अधीक्षक झाबुआ को जनसुनवाई में आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। आवेदन में आशंका जताई गई है कि यह मामला आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का हो सकता है।


आवेदन के अनुसार, रोहित पांचाल 24 जून की रात घर से मोटरसाइकिल लेकर निकले थे। देर रात पुलिस द्वारा परिजनों को सूचना दी गई कि उनका शव नागनवाट नदी में मिला है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया, लेकिन परिजनों ने घटना को लेकर कई गंभीर सवाल उठाए हैं। परिजनों का कहना है कि शव नदी में पेट के बल मिला, जबकि शरीर पर चोटों के निशान और पीठ पर लंबे घर्षण के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि यदि नदी में गिरने या आत्महत्या का मामला होता तो परिस्थितियां अलग होतीं। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि रोहित की मोटरसाइकिल पुलिया पर खड़ी मिली, जबकि टायरों के निशान और घटनास्थल की स्थिति किसी अन्य घटना की ओर संकेत करती है। आवेदन में अस्पताल और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कराने, रोहित के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल एवं लोकेशन की जांच करने तथा घटनास्थल से लेकर काकनवानी तक के सभी सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल कराने की मांग की गई है। परिजनों ने यह भी कहा कि रोहित का किसी से कोई पारिवारिक विवाद नहीं था और न ही ऐसा कोई कारण था जिससे वह आत्महत्या जैसा कदम उठाते। इसलिए उन्हें आशंका है कि अज्ञात लोगों द्वारा रोहित की हत्या कर शव को नदी में डालकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि एसपी झाबुआ को जनसुनवाई में इस संदिग्ध मौत के मामले में पूर्ण से जानकारी दी है तथा एसपी सर का कहना है कि जल्द ही एसडीओपी के नेतृत्व में टीम गठित कर , मामले की सक्षमता से जांच की जावेगी । पांचाल समाज एवं पीड़ित परिवार ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है ।

Trending