*
*शासकीय कार्यालयों में साइबर सुरक्षा एवं डेटा संरक्षण पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम*
मध्यप्रदेश पुलिस द्वारा संचालित 15 दिवसीय साइबर जागरूकता अभियान *”सेफ क्लिक 2.0″* के अंतर्गत झाबुआ पुलिस द्वारा जिलेभर में व्यापक जनजागरूकता गतिविधियां निरंतर संचालित की जा रही हैं। 24 जून 2026 से प्रारंभ हुए इस अभियान का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण करना है।
पुलिस अधीक्षक *श्री देवेंद्र पाटीदार* के निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक *श्री प्रतिपाल सिंह महोबिया* के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही *साइबर जागरूकता रथ एवं रक्षा सखी टीम* द्वारा गांव-गांव एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पहुंचकर नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव एवं सुरक्षित डिजिटल व्यवहार की जानकारी दी जा रही है।
अभियान के *11वें दिन* जिले के *जिला पंचायत, नगर निगम, न्यायालय एवं अन्य शासकीय कार्यालयों* में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस दौरान शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को *साइबर स्वच्छता (Cyber Hygiene), डेटा सुरक्षा, सुरक्षित ई-मेल उपयोग, मजबूत पासवर्ड, फिशिंग हमलों से बचाव तथा कार्यालयीन डिजिटल सुरक्षा* के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ उपस्थित नागरिकों को भी साइबर अपराधों से बचाव के महत्वपूर्ण उपाय बताए गए। सामुदायिक उद्घोषणाओं के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए गए तथा जागरूकता पम्पलेट वितरित किए गए। कार्यक्रमों में नागरिकों एवं शासकीय कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।
झाबुआ पुलिस द्वारा सोशल मीडिया के विभिन्न माध्यमों से भी लगातार साइबर सुरक्षा संबंधी संदेश प्रसारित किए जा रहे हैं। नागरिकों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपने बैंक खाते की गोपनीय जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड अथवा यूपीआई पिन साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य जांचें तथा ऑनलाइन ठगी की स्थिति में तत्काल *राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) एवं साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930* पर शिकायत दर्ज कराएं।
आज आयोजित जागरूकता कार्यक्रमों के अंतर्गत जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में 27 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनके माध्यम से लगभग 4705 नागरिकों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों ने कहा कि डिजिटल युग में थोड़ी-सी सतर्कता बड़े आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान से बचा सकती है। इसलिए प्रत्येक नागरिक, विशेषकर विद्यार्थी, महिलाएं, अभिभावक एवं शासकीय कर्मचारी, साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहें तथा किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
झाबुआ पुलिस का साइबर जागरूकता अभियान “सेफ क्लिक 2.0” आगामी दिनों में भी जिलेभर में निरंतर जारी रहेगा, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक कर सुरक्षित, सशक्त एवं साइबर-सुरक्षित समाज का निर्माण किया जा सके।