झाबुआ

प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने विभिन्न विभागों की समीक्षा कर दिए प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश

Published

on

स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूती, सड़क सुरक्षा, कानून व्यवस्था, कृषि विकास एवं सहकारिता पर रहा विशेष फोकस

झाबुआ – । जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में विभिन्न विभागों की समीक्षा बैठक लेकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन, विकास कार्यों की प्रगति तथा प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ बेहतर परिणाम सुनिश्चित करें। इस दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया उपस्थित रहे।

रिक्त चिकित्सक पदों की पूर्ति के लिए शीघ्र प्रस्ताव भेजने के निर्देश
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में विशेषज्ञ एवं अन्य चिकित्सकों के स्वीकृत तथा रिक्त पदों की जानकारी प्राप्त की। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि जिले में प्रथम श्रेणी चिकित्सकों के कुल 85 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 57 पद वर्तमान में रिक्त हैं। इस पर प्रभारी मंत्री ने रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति के लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव भेजने तथा पूर्व में भेजे गए प्रस्तावों की स्थिति से भी अवगत कराने के निर्देश दिए।

सिकल सेल नियंत्रण एवं रक्तदान अभियान की सराहना
सिकल सेल उन्मूलन अभियान की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में अब तक 8,63,312 व्यक्तियों की स्क्रीनिंग की जा चुकी है, जिनमें 1,952 सिकल सेल रोगी तथा 17,027 वाहक (कैरियर) चिन्हित हुए हैं। साथ ही 537 मरीजों को समय-समय पर ब्लड ट्रांसफ्यूजन की आवश्यकता होने की जानकारी दी गई।

प्रभारी मंत्री ने जिले में रक्तदान के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित “जीवन धारा अभियान – एक बूंद उम्मीद की” की सराहना करते हुए इसमें महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि नियमित रक्तदान की संस्कृति विकसित हो सके और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

पारा स्वास्थ्य केन्द्र के चिकित्सक के प्रयासों की सराहना
बैठक में पारा स्वास्थ्य केन्द्र के मेडिकल ऑफिसर द्वारा स्वास्थ्य केन्द्र के उन्नयन एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए किए गए प्रयासों की प्रभारी मंत्री ने सराहना की। उन्होंने संबंधित चिकित्सक को सम्मानित किए जाने तथा उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए डी.ओ. लेटर जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिले में गर्भवती महिलाओं के 100 प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक माह नियमित समीक्षा बैठक आयोजित कर इसकी सतत मॉनिटरिंग की जाए, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सके।

सड़क सुरक्षा के लिए नियमित मेडिकल जांच एवं जनजागरूकता पर जोर
सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों की स्थिति की भी समीक्षा की। जिला परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए उन्होंने कहा कि बस चालकों का वर्ष में कम से कम दो बार स्वास्थ्य परीक्षण एवं नेत्र परीक्षण कराया जाए। साथ ही उनके लिए प्रेरणा एवं जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएं, जिससे सुरक्षित वाहन संचालन को बढ़ावा मिले।

उन्होंने जनजातीय युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कमर्शियल ड्राइविंग लाइसेंस शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही हेलमेट पहनने के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के लिए आगामी 15 अगस्त को जिले में विशाल बाइक रैली आयोजित करने के निर्देश भी दिए।

कानून व्यवस्था एवं साइबर सुरक्षा की समीक्षा
कानून व्यवस्था की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने जिले की वर्तमान स्थिति, उपलब्ध पुलिस बल, वज्र वाहन तथा रैपिड एक्शन फोर्स की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जनजागरूकता अभियानों तथा रक्षा सखी द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा के लिए विशेष सतर्कता बरती जाए तथा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निगरानी एवं प्रभावी पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

हेरिटेज लीकर संचालन में स्व-सहायता समूहों की सहभागिता बढ़ाने पर बल
आबकारी विभाग की समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि जिले में वर्तमान में 33 कम्पोजिट मदिरा दुकानें, 8 भांग एवं भांग घोटा दुकानें तथा 4 वाइन शॉप संचालित हैं।

प्रभारी मंत्री ने निर्देश दिए कि हेरिटेज लीकर के संचालन में महिला स्व-सहायता समूहों की सहभागिता सुनिश्चित करने की दिशा में प्रयास किए जाएं, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आजीविका के नए अवसर सृजित हो सकें।

बीज बैंक, उड़द एवं नेपियर घास उत्पादन को बढ़ावा देने के निर्देश
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज समय पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बीज बैंक स्थापित करने की दिशा में कार्य करने के निर्देश दिए । उन्होंने जिले में उड़द फसल के रकबे में वृद्धि करने तथा पशुपालकों के लिए नेपियर घास के उत्पादन को प्रोत्साहित करने पर बल दिया। साथ ही उद्यानिकी विभाग के माध्यम से थ्री लेयर सब्जी उत्पादन मॉडल विकसित करने के लिए कार्ययोजना तैयार कर प्रारंभिक चरण में 5 एकड़ क्षेत्र में इसे लागू करने के निर्देश दिए।

सहकारिता विभाग की समीक्षा के दौरान बहुद्देशीय सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने तथा किसानों को अधिकाधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के संबंध में भी विस्तार से चर्चा की गई । बैठक में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट, पुलिस अधीक्षक  देवेंद्र पाटीदार, भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया , अपर कलेक्टर  सी एस सोलंकी एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Trending