धार, 12 जुलाई 2026।* युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के ‘मेरा युवा भारत’ (MY Bharat) पोर्टल के माध्यम से राष्ट्रव्यापी ‘राष्ट्रीय प्रतियोगिताएं 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य युवाओं को ‘विकसित भारत’ के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनाना और उन्हें अपनी रचनात्मकता व बौद्धिक क्षमता प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच प्रदान करना है।
*प्रतियोगिता का विवरण एवं विषय:*
जिला युवा अधिकारी, धार ने जानकारी देते हुए बताया कि धार जिले के इच्छुक युवा ऑनलाइन माध्यम से निम्नलिखित प्रतियोगिताओं में भाग ले सकते हैं:
*निबंध प्रतियोगिता:* विषय – ‘2047 तक विकसित भारत के निर्माण में एआई (AI) की भूमिका’।
*चित्रकला (Painting) प्रतियोगिता:* विषय – ‘भारत 1947 से भारत 2047’।
*क्विज़ (प्रश्नोत्तरी) प्रतियोगिताएं:* भारतीय संविधान, स्वतंत्रता आंदोलन में महिलाओं का योगदान, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में प्रगति और नाभिकीय प्रौद्योगिकी में भारत की सफलता पर आधारित चार क्विज़।
*पुरस्कार एवं सम्मान:*
प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए आकर्षक पुरस्कारों का प्रावधान है: *नकद पुरस्कार:* प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को ₹15,000 की नकद राशि। *सांत्वना पुरस्कार:* प्रत्येक प्रतियोगिता के लिए ₹5,000 के 50 पुरस्कार। स्वतंत्रता दिवस का विशेष निमंत्रण: शीर्ष 200 प्रतिभागियों को नई दिल्ली के लाल किले पर आयोजित स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 में सम्मिलित होने हेतु ई-निमंत्रण (e-Invitation) प्रदान किया जाएगा। *प्रमाण पत्र:* सभी प्रतिभागियों को डिजिटल भागीदारी प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
*आवेदन प्रक्रिया:*
प्रतियोगिताओं में भाग लेने की अंतिम तिथि 15 जुलाई 2026 है। प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट mybharat.gov.in पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं और अपनी प्रविष्टि (Entry) ऑनलाइन सबमिट कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने धार जिले के समस्त युवाओं, विद्यार्थियों और युवा स्वयंसेवकों से इस राष्ट्रीय गौरवपूर्ण अवसर में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता करने की अपील की है।