थांदला।(वत्सल आचार्य ) थांदला के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) एवं कृषि उपज मंडी के भारसाधक अधिकारी भास्कर गाचले के पदोन्नति उपरांत मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंडी परिवार की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मंडी सचिव, मंडी निरीक्षकों तथा समस्त मंडी स्टाफ ने पुष्पहार पहनाकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर एवं मिठाई खिलाकर उनका आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री गाचले को पदोन्नति की हार्दिक बधाई देते हुए उनके सफल प्रशासनिक कार्यकाल, सरल कार्यशैली एवं जनहित के प्रति समर्पित दृष्टिकोण की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, समयबद्धता और बेहतर समन्वय स्थापित हुआ है, जिससे आमजन के साथ-साथ विभिन्न विभागों को भी लाभ मिला है।
सम्मान समारोह के दौरान श्री गाचले ने मंडी परिवार द्वारा व्यक्त किए गए स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उनके लिए प्रेरणास्रोत है और भविष्य में भी वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ जनहित और प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन करते रहेंगे।
कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। अंत में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने श्री गाचले के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें पदोन्नति की पुनः शुभकामनाएँ दीं।