थांदला

थांदला में पुलिस-प्रशासन का संयुक्त सर्च ऑपरेशन, असामाजिक तत्वों को दिया सख्त संदेश

Published

on



थांदला। कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा का वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को अनुविभाग थांदला में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा संयुक्त रूप से एक महत्वपूर्ण सर्च ऑपरेशन चलाया गया।

एसडीएम भास्कर गाचले, एसडीओपी राजेश सोलिया, थाना प्रभारी अशोक कनेश एवं नायब तहसीलदार राजेश जमरा के नेतृत्व में पुलिस एवं प्रशासन की संयुक्त टीम ने मियाटी ग्राम एवं आसपास के वन क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान संचालित किया। अभियान के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों का गहन निरीक्षण करते हुए संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।

इस संयुक्त अभियान का उद्देश्य क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी निगरानी रखना तथा किसी भी प्रकार की अवैधानिक गतिविधि की संभावनाओं को समाप्त करना था। अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि क्षेत्र में शांति भंग करने अथवा किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि में संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रशासन और पुलिस द्वारा तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अधिकारियों ने कहा कि आम नागरिकों की सुरक्षा, सामाजिक सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से भविष्य में भी ऐसे संयुक्त सर्च ऑपरेशन एवं सतत निगरानी अभियान जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र में कानून का राज कायम रहे और आमजन स्वयं को सुरक्षित महसूस कर सकें।

Trending