झाबुआ – शहर के बस स्टैंड क्षेत्र स्थित 13 दुकानों के मामले में कलेक्टर झाबुआ ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को जांच के निर्देश जारी किए हैं। यह कार्यवाही शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं आवेदक जितेन्द्र सिंह राठौर द्वारा प्रस्तुत आवेदन के आधार पर की गई है।
शहर कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राठौर ने बस स्टैंड क्षेत्र स्थित तेरह दुकानो व ग्रीन बेल्ट भूमि के संबंध में तथ्यों के साथ झाबुआ कलेक्टर को आवेदन प्रस्तुत किया है । तथा तथ्यों के आधार पर उक्त क्षेत्र में निर्माण कार्य पर रोक लगाने हेतु निवेदन किया गया है । कलेक्टर द्वारा उक्त आवेदन के संबंध में अनुविभागीय अधिकारी झाबुआ को जांच हेतु पत्र लिखा गया है । कलेक्टर कार्यालय से जारी पत्र के अनुसार आवेदक ने नगर पालिका परिषद द्वारा पारित संकल्प क्रमांक-250 दिनांक 30 मार्च 2026 तथा संकल्प क्रमांक-262 दिनांक 6 जुलाई 2026 को निरस्त अथवा निलंबित किए जाने की मांग की है। साथ ही ग्रीन बेल्ट एवं चिल्ड्रन पार्क के लिए अधिग्रहित भूमि पर प्रस्तावित निर्माण कार्य तथा बस स्टैंड स्थित 13 दुकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई पर रोक लगाने का अनुरोध भी किया है। कलेक्टर ने आवेदन में उल्लेखित तथ्यों की विस्तृत जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), झाबुआ को निर्देशित किया है। पत्र में जांच उपरांत नियमानुसार निराकरण करने की बात कही गई है । कलेक्टर के इस निर्देश के बाद अब पूरे मामले में एसडीएम स्तर पर जांच की जाएगी, जिसके आधार पर आगामी प्रशासनिक निर्णय लिया जाएगा।