झाबुआ

मेहनत, आत्मविश्वास और बड़े सपने ही सफलता की कुंजी : कलेक्टर डॉ. भरसट

Published

on

झाबुआ – । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट ने मंगलवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, खवासा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा छात्राओं से संवाद कर उन्हें जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर अध्ययन करने एवं आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने छात्राओं से कहा कि सिविल सर्विसेस के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस), भारतीय राजस्व सेवा तथा आयकर अधिकारी सहित अनेक प्रतिष्ठित सेवाओं में अवसर प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इन पदों पर पहुंचने वाले अधिकांश अधिकारियों ने अपने जीवन में अनेक चुनौतियों का सामना किया है, लेकिन उन्होंने कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने लक्ष्य से कभी समझौता नहीं किया और निरंतर मेहनत करते हुए सफलता प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि हिन्दी, अंग्रेजी अथवा मातृभाषा कभी भी किसी व्यक्ति की सफलता में बाधा नहीं बनती। भाषा केवल अभिव्यक्ति का माध्यम है, यह किसी की क्षमता या गुणवत्ता का निर्धारण नहीं करती। यदि संकल्प मजबूत हो और लक्ष्य स्पष्ट हो, तो हर विद्यार्थी अपनी मंजिल तक पहुंच सकता है।

कलेक्टर ने छात्राओं से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के लिए सबसे पहले बड़े सपने देखने की आवश्यकता है। अपने भविष्य के बारे में निरंतर सोचें, अपने माता-पिता से चर्चा करें और जिस लक्ष्य को प्राप्त करना चाहते हैं, उसे सदैव अपने मन में रखें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी की अपनी अलग पहचान और विशेषता होती है। कोई खेल में उत्कृष्ट होता है, कोई पढ़ाई में, तो किसी की रुचि सामाजिक कार्यों में होती है। इसलिए स्वयं को पहचानें, अपनी प्रतिभा को विकसित करें और उसी दिशा में पूरी लगन से कार्य करें।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन विद्यार्थियों के सपनों को साकार करने के उद्देश्य से शीघ्र ही एक विशेष अभियान प्रारंभ करने जा रहा है। इस अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मार्गदर्शन, प्रेरणा एवं आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि वे भी उच्च शिक्षा एवं प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर अपने परिवार, जिले और प्रदेश का नाम रोशन कर सकें। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार वे स्वयं ग्रामीण परिवेश से निकलकर इस मुकाम तक पहुंचे हैं, उसी प्रकार जिले के विद्यार्थी भी अपने दृढ़ संकल्प और मेहनत के बल पर ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं । इस दौरान एसडीएम थांदला भास्कर गाचले, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

Trending