झाबुआ – । शासकीय महाविद्यालय कॉलेज ग्राउंड, थांदला में 31 जुलाई 2026 को प्रदेश स्तरीय “स्व-सहायता समूहों का क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम” का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेशभर के स्व-सहायता समूहों के सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए ₹300 करोड़ के ऋण का वितरण करेंगे। यह कार्यक्रम महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता, ग्रामीण आजीविका संवर्धन तथा स्वरोजगार को नई गति प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
प्राकृतिक खेती एवं उन्नत किसानों से करेंगे संवाद
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्राकृतिक खेती करने वाले एवं उन्नत कृषकों से संवाद भी करेंगे। इस दौरान वे किसानों के अनुभव जानेंगे तथा प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने के लिए शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं प्रयासों पर चर्चा करेंगे।
174.64 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं 109.17 करोड़ रुपये के विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
मुख्यमंत्री अपने प्रस्तावित थांदला प्रवास के दौरान जिले को विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। वे विभिन्न विभागों के लगभग 174.64 करोड़ रुपये की लागत के 29 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। इसके साथ ही लगभग 109.17 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 28 विकास एवं आधारभूत संरचना संबंधी कार्यों का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित करेंगे। इन विकास कार्यों से जिले में अधोसंरचना, जनसुविधाओं तथा समग्र विकास को नई गति मिलेगी।
विभिन्न विभागों की योजनाओं के हितग्राहियों को मिलेगा लाभ, मेधावी विद्यार्थियों का होगा सम्मान
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिले के 215 स्वयं सहायता समूहों को ₹10.08 करोड़ का ऋण वितरित किया जाएगा। पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर कामधेनु योजना के तहत आधुनिक डेयरी यूनिट हेतु ऋण, जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र द्वारा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, म.प्र. आदिवासी वित्त एवं विकास निगम द्वारा भगवान बिरसा मुण्डा स्वरोजगार एवं टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना तथा प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यम औपचारिकीकरण (PMFME) योजना के अंतर्गत हितलाभ प्रदान किए जाएंगे। साथ ही जिले के कक्षा 10वीं एवं 12वीं के मेधावी छात्र-छात्राओं का सम्मान, किसान कल्याण विभाग द्वारा कृषकों को हेलमेट वितरण तथा महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा मुख्यमंत्री लाड़ली लक्ष्मी योजना के अंतर्गत हितलाभ भी प्रदान किए जाएंगे।
“आजीविकानो मेला” के तहत प्रदर्शनी का करेंगे अवलोकन
कार्यक्रम स्थल पर “आजीविकानो मेला” भी आकर्षण का केंद्र रहेगा। मेले में विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय योजनाओं, स्थानीय उत्पादों, नवाचारों, प्राकृतिक एवं जैविक खेती, पोषण, औषधीय पौधों, जनजातीय परंपराओं तथा स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों से संबंधित आकर्षक स्टॉल एवं प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इन प्रदर्शनों के माध्यम से आमजन, जनप्रतिनिधि एवं अतिथि विभिन्न विभागों की योजनाओं, स्थानीय उत्पादों तथा आजीविका आधारित नवाचारों की जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, गरिमामय एवं सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को आवश्यक जिम्मेदारियां सौंपते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।