झाबुआ – शहर और संपूर्ण अंचल के लिए 1 अगस्त का दिन बेहद खास और ऐतिहासिक रहा। उज्जैन में आयोजित भव्य ‘नारी शक्ति सम्मान समारोह’ में झाबुआ की प्रतिष्ठित महिला उद्यमी और न्यू लुक ब्यूटी पार्लर की संचालिका श्रीमती प्रीति अजय अरोड़ा को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं और उपलब्धियों के लिए प्रतिष्ठित ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। इस गरिमामयी आयोजन में मुख्य सेलिब्रिटी गेस्ट के रूप में लोकप्रिय टीवी सीरियल ‘दीया और बाती हम’ की प्रसिद्ध अभिनेत्री और मुख्य अदाकारा संध्या राठी (दीपिका सिंह) विशेष रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम के दौरान अभिनेत्री दीपिका सिंह ने अपने कर-कमलों से श्रीमती प्रीति अरोड़ा को इस गौरवशाली सम्मान से नवाजा। न्यू लुक ब्यूटी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स की ग्रैंड लॉन्चिंग समारोह का एक अन्य प्रमुख आकर्षण ‘न्यू लुक ब्यूटी कॉस्मेटिक प्रोडक्ट्स’ की भव्य लॉन्चिंग रहा। अभिनेत्री दीपिका सिंह द्वारा इस नए ब्रांड का अनावरण किया गया, जिसे लेकर ब्यूटी इंडस्ट्री में भी काफी उत्साह देखा जा रहा है। पूरे झाबुआ शहर का बढ़ा मान इस उपलिब्ध पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए श्रीमती प्रीति अरोड़ा ने कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि यह पूरे झाबुआ शहर और यहाँ की नारी शक्ति के लिए गौरव का विषय है। इस खबर से झाबुआ के नागरिकों, परिजनों और ब्यूटी इंडस्ट्री से जुड़े लोगों में हर्ष की लहर है और सभी ने उन्हें बधाई दी है।