झाबुआ

पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तभी मानव जीवन सुरक्षित रहेगा — मनोज अरोरा

Published

on

वनवासी कल्याण परिषद् आश्रम में पौधारोपण कार्यक्रम, अतिथियों व छात्रों ने लगाए विभिन्न प्रजातियों के पौधे

झाबुआ। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वनवासी कल्याण परिषद् आश्रम परिसर में नगर अध्यक्ष मनोज अरोरा के नेतृत्व में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अतिथियों, आश्रम के पदाधिकारियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वनवासी कल्याण परिषद् नगर अध्यक्ष मनोज अरोरा ने कहा कि “पर्यावरण से ही मनुष्य का जीवन संभव है। पेड़-पौधे केवल हमें फल, फूल और छाया ही नहीं देते, बल्कि स्वच्छ वायु, जल संरक्षण और स्वस्थ जीवन के लिए भी अत्यंत आवश्यक हैं।”

उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवनशैली और लगातार बढ़ते प्रदूषण के दौर में पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी प्रत्येक व्यक्ति की है। केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतना ही जरूरी है। उन्होंने आमजन से अधिक से अधिक पौधारोपण करने और पर्यावरण संरक्षण को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि पद्मश्री रमेश परमार सहित अन्य अतिथियों ने भी विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताते हुए कहा कि आज लगाया गया एक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, हरियाली और बेहतर भविष्य की नींव है। उन्होंने विद्यार्थियों को पौधों की नियमित देखभाल करने तथा अपने आसपास के लोगों को भी पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के दौरान आश्रम परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। आश्रम के विद्यार्थियों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लगाए गए पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया । कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधारोपण तक सीमित न रखते हुए “एक पौधा—एक जिम्मेदारी” की भावना के साथ पर्यावरण के प्रति जागरूकता का संदेश देना रहा । कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पद्मश्री रमेश परमार उपस्थित रहे। साथ ही जिला संगठन मंत्री कैलाश भाबोर, जिला सचिव कानजी भूरिया, युवा अलकेश मेड़ा, पूर्व छात्र पटवारी थावरसिंह कमलिया, आश्रम अधीक्षक भलसिंह बघेल, सहायक अधीक्षक छगनसिंह सहित आश्रम के विद्यार्थी एवं अन्य सदस्य मौजूद रहे।

Trending