मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभावित किसानों से किया संवाद
चार गुना मुआवजा दिए जाने की घोषणा के बाद किसानों ने समाप्त किया धरना झाबुआ – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी फोरलेन परियोजना से प्रभावित झाबुआ जिले के पेटलावद एवं थांदला क्षेत्र के किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के […]
झाबुआ – मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी फोरलेन परियोजना से प्रभावित झाबुआ जिले के पेटलावद एवं थांदला क्षेत्र के किसानों से संवाद किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा परियोजना के लिए अधिग्रहित भूमि के एवज में प्रभावित किसानों को चार गुना मुआवजा प्रदान किए जाने की घोषणा की गई। मुख्यमंत्री की घोषणा के उपरांत विगत पांच दिनों से कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे किसानों ने अपना धरना समाप्त किया।
बदनावर-पेटलावद-थांदला-टिमरवानी फोरलेन परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण के पश्चात निर्धारित मुआवजा राशि के संबंध में प्रभावित किसान भारतीय किसान संघ के बैनर तले कलेक्टर कार्यालय परिसर में धरना दे रहे थे। किसानों द्वारा अधिग्रहित भूमि के लिए बाजार मूल्य के चार गुना मुआवजे की मांग की जा रही थी।
प्रभावित किसानों का कहना था कि आदिवासी अंचल होने के कारण क्षेत्र में भूमि की शासकीय गाइडलाइन दरें वास्तविक बाजार मूल्य की तुलना में कम हैं। संबंधित भूमि अधिग्रहण प्रकरणों में मुआवजा अवार्ड नवीन गाइडलाइन लागू होने से पूर्व पारित किया गया था, जिसके कारण प्रभावित किसानों को पुरानी गाइडलाइन दर के आधार पर मुआवजा निर्धारित किया गया था। किसानों द्वारा वर्तमान प्रचलित नवीन गाइडलाइन दर के अनुसार चार गुना मुआवजा प्रदान किए जाने की मांग की जा रही थी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव द्वारा किसानों की मांग के संबंध में चार गुना मुआवजा प्रदान किए जाने की घोषणा के पश्चात किसानों ने संतोष व्यक्त करते हुए पांच दिनों से जारी धरना समाप्त किया।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री के साथ जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन तथा भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग के मंत्री एवं झाबुआ जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह , महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया , अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान , केंद्रीय राज्य मंत्री महिला एवं बाल विकास मंत्रालय श्रीमती सावित्री ठाकुर , सांसद श्रीमती अनीता नागर सिंह चौहान उपस्थित रहें ।