झाबुआ

पेटलावद खंड शिक्षा अधिकारी हटाए गए, लगातार मिल रही शिकायतों पर कार्रवाई

Published

on



इंदौर संभागीय स्तर पर गठित जांच दल करेगा शिकायतों की जांच, एक सप्ताह में सौंपना होगा प्रतिवेदन
झाबुआ/पेटलावद। पेटलावद विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार ओझा के विरुद्ध लगातार मिल रही शिकायतों के बाद संभागीय स्तर से कार्रवाई की गई है। संभागीय उपायुक्त, जनजातीय कार्य एवं अनुसूचित जाति विकास, इंदौर संभाग द्वारा 27 जुलाई 2026 को जारी आदेश में ओझा के विरुद्ध प्राप्त शिकायतों की जांच के लिए चार सदस्यीय जांच दल का गठन किया गया है।
आदेश के अनुसार, झाबुआ जिले के जनप्रतिनिधियों, छात्रावास एवं आश्रम अधीक्षकों से प्राप्त शिकायतों के साथ ही दैनिक समाचार पत्रों में प्रकाशित शिकायत संबंधी समाचारों को भी संज्ञान में लिया गया। इन शिकायतों के आधार पर पेटलावद खंड शिक्षा अधिकारी के विरुद्ध संभाग स्तर से जांच कराने का निर्णय लिया गया है।
जांच के लिए गठित दल में क्षेत्र संयोजक दीपक वैश्य, प्राचार्य मोहन सोनी, कनिष्ठ लेखा अधिकारी हरिश्चन्द्र वाणी तथा लेखापाल राजू राठौर को शामिल किया गया है। जांच दल को शिकायतों में उल्लेखित बिंदुओं पर जांच कर अपनी अभिमत सहित रिपोर्ट सक्षम अधिकारी के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि जांच दल एक सप्ताह के भीतर शिकायतों की जांच कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करेगा। अब जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय होने की संभावना है । लगातार शिकायतों के बाद संभागीय स्तर पर जांच दल गठित किए जाने से शिक्षा विभाग में भी हलचल बढ़ गई है। हालांकि, ओझा के विरुद्ध लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

Trending