थांदला। (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) कृषि उपज के अवैध परिवहन और मंडी शुल्क की चोरी के मामले में थांदला मंडी प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए मूंग से भरा एक ट्रक पकड़ा। ट्रक में करीब 416.40 क्विंटल मूंग भरी हुई थी, जिसकी बाजार कीमत लगभग 22 लाख 69 हजार 380 रुपए बताई गई है। मंडी विभाग के अनुसार, मूंग के परिवहन के लिए आवश्यक अनुज्ञा नहीं मिली थी और वाहन गुजरात की ओर जा रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, RJ 03 GA 5613 क्रमांक का ट्रक महेश ट्रेडर्स, पिपरिया (होशंगाबाद) का बताया गया है। मंडी अधिकारियों को वाहन के संबंध में जानकारी मिलने के बाद जांच की गई, जिसमें मूंग के परिवहन की अनुज्ञा नहीं पाई गई। इसके बाद मंडी प्रशासन ने नियमानुसार कार्रवाई शुरू की।
एक अनुज्ञा पर दो वाहनों के चलने की बात भी सामने आई
मंडी अधिकारियों के अनुसार, इसी दौरान RJ 09 GE 5051 क्रमांक का एक अन्य वाहन भी साथ में मिला, जिसमें गेहूं भरा था और उसकी अनुज्ञा उपलब्ध थी। मंडी प्रशासन ने दोनों वाहनों के संबंध में जांच एवं कार्रवाई की।
1 लाख 76 हजार 742 रुपए की राशि वसूली
मंडी प्रशासन के अनुसार, मूंग की बाजार कीमत 22 लाख 69 हजार 380 रुपए आंकी गई। कार्रवाई के दौरान नियमानुसार पांच गुना मंडी शुल्क के रूप में कुल 1 लाख 76 हजार 742 रुपए की राशि वसूल की गई।
मंडी सचिव जे.एस. सोलंकी के निर्देश पर मंडी निरीक्षक सहित टीम ने कार्रवाई की। बताया गया कि कार्रवाई के दौरान वाहन चालक वाहन छोड़कर मौके से चले गए थे।
कार्रवाई में मंडी निरीक्षक प्रेम हीहोर, मैथुसिंह बारिया, पंकज कुमार राठौर, नरेश कुमार सोलंकी, लक्ष्मण सिंह चौहान और मांगीलाल मैडा सहित मंडी अमले की भूमिका रही।
मंडी प्रशासन ने कृषि उपज के परिवहन में आवश्यक अनुज्ञा एवं मंडी शुल्क संबंधी नियमों का पालन करने की बात कही है।