DHAR

सेवा संकल्प अभियान, मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान एवं स्वामित्व योजना की कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने की समीक्षा

Published

on

धार, 1 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री राजीव रंजन मीना ने कलेक्टर सभाकक्ष में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान एवं स्वामित्व योजना के संबंध में बैठक लेकर संबंधित विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं गतिविधियों की समीक्षा की।
कलेक्टर श्री मीना ने मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को चिह्नित कर उन्हें शासन की योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अभियान के दौरान प्रमुख विभागों को स्टॉल लगाए जाने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सके।
उन्होंने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु’ गतिविधि की तैयारियों की समीक्षा करते हुए बताया कि जिला स्तरीय कार्यक्रम 3 अक्टूबर को तिरला तथा 4 अक्टूबर को सरदारपुर में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम के लिए निर्धारित गतिविधियों के लक्ष्य तय कर आवश्यक तैयारियां एवं कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सेवा सेतु गतिविधि के अंतर्गत स्वामित्व योजना में पात्र हितग्राहियों की रजिस्ट्री की कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं पटवारियों को अपने-अपने क्षेत्र में आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करने तथा पात्र हितग्राहियों को योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त पटवारी शासन के निर्देशों का पालन सुनिश्चित करते हुए अपने-अपने कार्यक्षेत्र में सौंपे गए दायित्वों का समय पर संपादन करें। उन्होंने कहा कि प्रोबेशन अवधि में निर्धारित कार्यों का संपादन नहीं करने वाले पटवारियों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों के लक्ष्य निर्धारित कर उनके अनुरूप कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए अभियान की गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जिले में अल्प वर्षा की स्थिति को दृष्टिगत रखते हुए किसानों को उपयुक्त फसलों एवं किस्मों के चयन के संबंध में व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों को स्थानीय परिस्थितियों एवं उपलब्ध जल संसाधनों के अनुरूप फसल चयन के लिए आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराने को कहा। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Trending

Exit mobile version