झाबुआ/रंभापुर। रंभापुर स्थित बापाजी अस्पताल में उपचार के दौरान मरीज की मौत और उसके बाद हुए हंगामे ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वही मरीज की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने अस्पताल प्रबंधन पर उपचार में लापरवाही के आरोप लगाते हुए प्रदर्शन किया था। घटना के बाद अस्पताल को सील करने और मामले की जांच शुरू होने की जानकारी भी सामने आई है। लेकिन इस पूरे मामले में अब कुछ ऐसे सवाल सामने आ रहे हैं, जिनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है। सवाल केवल एक मरीज की मौत का नहीं, बल्कि अस्पताल के पंजीयन, चिकित्सकों की उपलब्धता, संचालक की योग्यता और ऑपरेशन की प्रक्रिया का भी है।
1. जिस डॉक्टर के नाम पर अस्पताल का पंजीयन, वह कहां दे रहा सेवाएं?
सूत्रों के अनुसार, बापाजी अस्पताल का पंजीयन जिस डॉक्टर के नाम पर बताया जा रहा है, वह डॉक्टर वर्तमान में किसी अन्य स्थान पर कार्यरत है। यदि ऐसा है तो सवाल उठता है कि क्या संबंधित डॉक्टर अस्पताल में नियमित रूप से उपलब्ध रहते हैं? क्या वे वास्तव में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था की निगरानी करते हैं? क्या अस्पताल में उनकी सेवाओं की उपलब्धता और कार्य संबंधी रिकॉर्ड मौजूद है…? स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल के पंजीयन प्रमाणपत्र और संबंधित डॉक्टर की वास्तविक कार्यस्थिति की जांच करनी चाहिए।
2. अस्पताल संचालक की चिकित्सकीय योग्यता क्या है?
सूत्रों के हवाले से यह चर्चा भी सामने आ रही है कि अस्पताल का संचालक बीएचएमएस चिकित्सक है। ऐसे में यह स्पष्ट होना चाहिए कि अस्पताल का वास्तविक संचालन कौन कर रहा था? संचालक की चिकित्सकीय योग्यता क्या है? अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के लिए कौन-कौन से योग्य एवं पंजीकृत विशेषज्ञ नियुक्त थे….?यह भी जांच का विषय है कि अस्पताल में दी जा रही चिकित्सा सेवाएं संबंधित चिकित्सकों की योग्यता और पंजीयन के अनुरूप थीं या नहीं।
3. मृतक मरीज का ऑपरेशन किस डॉक्टर ने किया?
इस पूरे मामले का सबसे महत्वपूर्ण सवाल मृतक मरीज के ऑपरेशन को लेकर है। मरीज का ऑपरेशन किस डॉक्टर ने किया था? संबंधित डॉक्टर किस अस्पताल में पदस्थ हैं? उनकी विशेषज्ञता क्या है? क्या वे सर्जन के रूप में पंजीकृत हैं….?यदि मरीज का ऑपरेशन दाहोद (गुजरात) के किसी डॉक्टर द्वारा किया गया था तो यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि वे किस हैसियत से बापाजी अस्पताल में ऑपरेशन करने आए थे।
4. दाहोद के डॉक्टर को विजिटिंग कंसल्टेंट की अनुमति थी या नहीं?
यदि गुजरात के किसी डॉक्टर द्वारा बापाजी अस्पताल में ऑपरेशन किया गया था तो स्वास्थ्य विभाग को यह जांचना चाहिए कि संबंधित डॉक्टर का मध्यप्रदेश में वैध चिकित्सकीय पंजीयन था या नहीं। क्या अस्पताल में विजिटिंग कंसल्टेंट के रूप में उनकी सेवाएं लेने की विधिवत व्यवस्था थी? क्या उनकी नियुक्ति, सहमति अथवा सेवाओं से संबंधित आवश्यक दस्तावेज अस्पताल के रिकॉर्ड में उपलब्ध हैं….?क्या स्वास्थ्य विभाग को संबंधित डॉक्टर के अस्पताल में ऑपरेशन करने की जानकारी थी…? इन तथ्यों का खुलासा होना आवश्यक है।
5. मरीज को एनेस्थीसिया किस डॉक्टर ने दिया था?
ऑपरेशन के दौरान मरीज को एनेस्थीसिया देने वाले डॉक्टर की भूमिका भी अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। ऐसे में सवाल है कि मृतक मरीज को एनेस्थीसिया किसने दिया था? क्या संबंधित व्यक्ति एनेस्थीसिया विशेषज्ञ था? क्या उसके पास आवश्यक चिकित्सकीय योग्यता एवं वैध पंजीयन था…?ऑपरेशन के दौरान एनेस्थीसिया देने वाले डॉक्टर का नाम, उनकी योग्यता, पंजीयन क्रमांक और एनेस्थीसिया चार्ट की भी जांच की जानी चाहिए।
6. ऑपरेशन से पहले मरीज की जांच और सहमति की प्रक्रिया अपनाई गई थी या नहीं?
किसी भी ऑपरेशन से पहले मरीज की स्वास्थ्य स्थिति, आवश्यक जांच, ऑपरेशन के संभावित जोखिम और उपचार संबंधी जानकारी महत्वपूर्ण होती है। इस मामले में यह जांच होनी चाहिए कि मरीज के ऑपरेशन से पहले कौन-कौन सी जांच करवाई गई थीं? ऑपरेशन की लिखित सहमति किसने ली थी? मरीज के परिजनों को संभावित जोखिमों की जानकारी दी गई थी या नहीं? ऑपरेशन से पहले और बाद में मरीज की स्थिति का रिकॉर्ड संधारित किया गया था या नहीं?
7. अस्पताल में कितने योग्य डॉक्टर और नर्सिंग स्टाफ उपलब्ध थे?
प्रकाशित खबर में उल्लेख है कि हंगामे के दौरान अस्पताल का स्टाफ बाथरूम में छिप गया था तथा भर्ती 20 मरीजों में से 16 मरीज अन्य अस्पतालों में चले गए थे। चार गंभीर मरीजों को अन्य अस्पताल में शिफ्ट किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में अस्पताल में डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य आवश्यक कर्मचारियों की वास्तविक उपलब्धता की जांच होनी चाहिए। अस्पताल में ड्यूटी रोस्टर के अनुसार कर्मचारी मौजूद थे या नहीं? आपातकालीन स्थिति में मरीजों की देखभाल के लिए पर्याप्त व्यवस्था थी या नहीं?
8. अस्पताल की ऑपरेशन थिएटर और अन्य सुविधाओं की जांच हो
स्वास्थ्य विभाग को अस्पताल के ऑपरेशन थिएटर, एनेस्थीसिया उपकरण, ऑक्सीजन व्यवस्था, आपातकालीन सुविधाओं, संक्रमण नियंत्रण और आवश्यक चिकित्सा उपकरणों की उपलब्धता की जांच करनी चाहिए। यह भी देखा जाना चाहिए कि अस्पताल में जिस प्रकार की सर्जरी की जा रही थी, उसके लिए आवश्यक संसाधन और विशेषज्ञ चिकित्सक उपलब्ध थे या नहीं।
9. मरीज की मौत के बाद अस्पताल प्रबंधन की भूमिका
मरीज की हालत बिगड़ने पर उसे गुजरात के दाहोद रेफर किए जाने और रास्ते में मौत होने की बात प्रकाशित खबर में सामने आई है। ऐसे में यह भी जांच होनी चाहिए कि मरीज की स्थिति कब गंभीर हुई? उसे दूसरे अस्पताल में रेफर करने का निर्णय किस डॉक्टर ने लिया? रेफरल में देरी तो नहीं हुई? मरीज को रेफर करते समय आवश्यक मेडिकल रिकॉर्ड और उपचार संबंधी जानकारी दी गई थी या नहीं?
10. स्वास्थ्य विभाग की निगरानी पर भी सवाल
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जिले में संचालित निजी अस्पतालों के पंजीयन और वहां उपलब्ध डॉक्टरों की योग्यता की नियमित जांच कौन करता है? क्या स्वास्थ्य विभाग के पास बापाजी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टरों, उनकी विशेषज्ञता और ड्यूटी की अद्यतन जानकारी उपलब्ध है….? यदि अस्पताल का पंजीयन एक डॉक्टर के नाम पर है और वास्तविक चिकित्सा सेवाएं दूसरे डॉक्टरों के माध्यम से दी जा रही थीं तो इसकी भी जांच होनी चाहिए।
अब इन सवालों का जवाब देगा स्वास्थ्य विभाग?
बापाजी अस्पताल की घटना ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग को केवल मरीज की मौत के मामले की जांच तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि अस्पताल के पंजीयन से लेकर ऑपरेशन करने वाले डॉक्टर और एनेस्थीसिया देने वाले चिकित्सक तक प्रत्येक पहलू की जांच करनी चाहिए । जांच में यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि अस्पताल का पंजीयन किस डॉक्टर के नाम पर है, संचालक की वास्तविक योग्यता क्या है, ऑपरेशन किसने किया और एनेस्थीसिया किसने दिया। अब देखना यह है कि स्वास्थ्य विभाग इन सवालों का दस्तावेजों के आधार पर जवाब देता है या फिर मामला केवल जांच और कार्रवाई के आश्वासन तक सीमित रह जाता है।