झाबुआ

सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने जताई नाराजगी, लापरवाह अधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश

Published

on


*

*बिना अनुमति नलकूप खनन पर सख्ती, संबंधित क्षेत्र के पटवारी के विरुद्ध होगी कार्रवाई*

*पशुचारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तरीय कार्ययोजना बनाने के निर्देश*

झाबुआ, 23 नवम्बर 2026। कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समयावधि पत्रों (टीएल) एवं अंतर्विभागीय समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान, सीएम हेल्पलाइन, स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री, स्वास्थ्य सेवाओं, जल संरक्षण एवं विभिन्न विभागीय योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. भरसट ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, लंबित प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण एवं विभागीय कार्यों में जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*सीएम हेल्पलाइन में खराब प्रदर्शन पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी*
बैठक में मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिले के असंतोषजनक प्रदर्शन पर कलेक्टर डॉ. भरसट ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने शिकायतों के निराकरण में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत झाबुआ, रामा, थांदला, पेटलावद एवं मेघनगर को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह में संतोषजनक प्रगति नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों की वेतनवृद्धि रोकने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण में लापरवाही बरतने पर सिविल सर्जन, विकासखंड चिकित्सा अधिकारी झाबुआ, तहसीलदार पेटलावद, सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग एवं समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त जिन विभागों में 10 से अधिक शिकायतें लंबित हैं, उनके जिला स्तरीय अधिकारियों को भी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता तक सीमित नहीं रहे, बल्कि शिकायतकर्ताओं की संतुष्टि के साथ गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित निगरानी एवं निराकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए।

*कम वर्षा के मद्देनजर पशुचारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश*
बैठक में जिले में कम वर्षा की स्थिति को देखते हुए पशुचारे की उपलब्धता एवं आगामी आवश्यकताओं की समीक्षा की गई। पशुपालन विभाग के अधिकारियों ने अवगत कराया कि जिले में फरवरी माह तक के लिए पशुचारा उपलब्ध है।

कलेक्टर डॉ. भरसट ने निर्देश दिए कि जिले में पशुओं की कुल संख्या, गत वर्ष पशुचारे की आवश्यकता, वर्तमान एवं आगामी आवश्यकता तथा उपलब्ध भंडारण का आकलन कर विस्तृत जिला स्तरीय कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि पशुपालकों को भविष्य में चारे की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समय रहते आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

*बिना अनुमति नलकूप खनन पर होगी सख्त कार्रवाई*
पंचायती राज विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने जल चौपाल एवं जलदूत गतिविधियों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने जिले में जल संरक्षण एवं भूजल प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की अनुमति के बिना किसी भी स्थिति में नलकूप खनन नहीं किया जाए।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि बिना सक्षम अनुमति के नलकूप खनन पाए जाने पर संबंधित क्षेत्र के पटवारी के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने जल संरक्षण संबंधी गतिविधियों की प्रभावी निगरानी एवं जनभागीदारी बढ़ाने पर भी जोर दिया।

*स्वामित्व योजना, फार्मर रजिस्ट्री एवं आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम की समीक्षा*
बैठक में कलेक्टर ने स्वामित्व योजना एवं फार्मर रजिस्ट्री की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में विभागीय समन्वय सुनिश्चित करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण करने को कहा।

इसी प्रकार आकांक्षी विकासखंड कार्यक्रम के अंतर्गत निर्धारित प्रमुख संकेतकों की समीक्षा करते हुए सभी संकेतकों में शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्ति (सैचुरेशन) के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।

*स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता एवं आयुष्मान कार्ड निर्माण की समीक्षा*
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS), सिकल सेल अभियान, ममता मंदिर एवं ममता दल तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति पर चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार, पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने तथा निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए प्रभावी कार्ययोजना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

*प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी के लिए प्रति सप्ताह एक घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य*
कलेक्टर डॉ. भरसट ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की कार्यक्षमता तथा दक्षता बढ़ाने के लिए आईजीओटी (iGOT) कर्मयोगी प्लेटफॉर्म के माध्यम से नियमित प्रशिक्षण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी प्रति सप्ताह कम से कम एक घंटे का प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से प्राप्त करे, जिससे शासकीय कार्यों की गुणवत्ता, दक्षता एवं सेवा प्रदाय व्यवस्था में सुधार हो सके।

कलेक्टर ने बैठक में सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता है। विभागीय कार्यों में लापरवाही एवं अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी अधिकारी नियमित समीक्षा, आपसी समन्वय एवं जवाबदेही के साथ निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करें।

इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री जितेन्द्रसिंह चौहान, अपर कलेक्टर श्री सी एस सोलंकी, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, समस्त एसडीएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
क्रमांक 105/1739

Trending

Exit mobile version