DHAR

जनसम्पर्क रतलाम से प्रशासनिक खबरे एक नजर में -`~~~~

Published

on

विश्व योग दिवस आयोजन की तैयारियां जिले में भी

कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी ने बैठक में दिशा-निर्देश दिए

रतलाम / विश्व योग दिवस 21 जून के आयोजन की तैयारियां रतलाम जिले में भी की जा रही हैं। इस अवसर पर पूरे जिले में योगाभ्यास आयोजन होंगे। आयोजन के सम्बन्ध में संबंधित विभागों द्वारा कार्ययोजना तैयार की गई है। तैयारियों को लेकर एक बैठक बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई। कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी ने योग दिवस आयोजन के सम्बन्ध में विभागवार अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी श्री के.सी. शर्मा, डीपीसी श्री एम.एल. सांसरी तथा अन्य अधिकारी, अशासकीय संस्थाओं के पदाधिकारी उपस्थित थे।

बताया गया कि विश्व योग दिवस के अवसर पर जिले में व्यापक स्तर पर स्कूली बच्चों से लेकर अधिकारियों, कर्मचारियों, नागरिकों द्वारा सहभागिता की जाएगी। जिला मुख्यालय पर बरबड विधायक सभागृह, महलवाडा में योगाभ्यास कार्यक्रम आयोजित होंगे। इसके अलावा एक अन्य महत्वपूर्ण कार्यक्रम रतलाम ग्रामीण क्षेत्र के ग्राम बिलपांक में आयोजित होगा। कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने आयोजनों की रुपरेखा निर्धारित करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि वर्षा के मद्देनजर नियोजित ढंग से योगाभ्यास कार्यक्रमों का आयोजन किया जाना है। जिले के सभी एसडीएम अपने क्षेत्र के नोडल अधिकारी होंगे। बैठक में निगम आयुक्त श्री सोमनाथ झारिया, अतिरिक्त सीईओ जिला पंचायत श्रीमती विनिता लोढा, श्री संजय दवे, योग प्रशिक्षक श्रीमती आशा दुबे भी उपस्थित थे।

इस बार अन्तरराष्ट्रीय योग दिवस मानवता के लिए योग की थीम पर बनाया जाएगा। सभी जनपदों एवं ग्रामों में भी आयोजन होगा। कार्यक्रम का प्रसारण टीवी, रेडियो के माध्यम से किया जाएगा।

————————————————————–

शहर में पसरी गंदगी को देखकर कलेक्टर हुए सख्त नाराज

नालों पर निर्माण की लीज

कलेक्टर ने शहर में निरीक्षण किया

रतलाम 15 जून 2022/ कलेक्टर श्री नरेंद्र सूर्यवंशी ने बुधवार दोपहर में शहर के विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। निगम के अधिकारियों को साथ लेकर निकले कलेक्टर को शहर के विभिन्न स्थानों पर पसरी गंदगी, कचरे के ढेर दिखने पर वह सख्त नाराज हुए। कड़े लहजे में निगमायुक्त को गंदगी के विरुद्ध अभियान संचालित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने इस निरीक्षण में खासतौर पर उन स्थानों को भी देखा जहां नालो के आसपास अतिक्रमण कर लिया गया है अथवा नालों पर ही संरचनाएं निर्मित कर दी गई हैं। नालों में व्याप्त गंदगी को भी देखा और निगम की सफाई व्यवस्था के प्रति गहरा असंतोष जाहिर किया। निगमायुक्त श्री सोमनाथ झारिया, कार्यपालन यंत्री श्री सुरेश व्यास, श्री जी.के. जायसवाल, सहायक यंत्री श्री श्याम सोनी, स्वास्थ्य अधिकारी श्री ए.पी. सिंह भी साथ में थे।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी नेम शास्त्री नगर कॉलोनी में नाले की स्थिति का निरीक्षण किया। नाले में व्यापक गंदगी थी। निगम आयुक्त द्वारा बताया गया कि रोड के साथ ही पुलिया का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण पूर्ण हो जाने के पश्चात गंदगी का निपटारा भी आसानी से हो जाएगा। नाले के ऊपर ही कुछ दूरी पर स्थित एक मल्टी देखे जाने पर कलेक्टर ने कहा की नाले पर निर्माण की अनुमति कैसे जारी हो गई, नक्शा कैसे पास हो गया। कालोनी की रहवासी एक महिला ने कलेक्टर को उनके मकान के पास भी गंदगी की शिकायत की जो मंडी की दीवार के समीप स्थित है। नाले के समीपस्थ मकानों के सामने भी वासियों द्वारा किया गया कचरे का ढेर देखने पर कलेक्टर ने निर्देशित किया कि उक्त रहवासियों पर जुर्माना किया जाए।

आगे चलकर न्यू रोड पर भी नाला देखा गया, यहां पर भी नाले पर निर्माण पाया गया। कलेक्टर ने निगम अधिकारियों को निर्देशित किया कि नालों पर निर्मित रचनाओं को हटाया जाकर अन्य स्थानों पर विस्थापित किए जाने हेतु योजना तैयार की जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि निगम अधिकारी नालों के ऊपर निर्माण के लिए पूर्व में दी गई लीज के दस्तावेज समक्ष में प्रस्तुत करें, साथ ही नालों का सीमांकन भी किया जाए। कलेक्टर ने अजंता पैलेस होटल रोड समीपस्थ नाले का भी निरीक्षण किया। यहां भी कचरे का ढेर पाया गया। गंदगी साफ करने, कचरा हटाने के निर्देश कलेक्टर ने निगमायुक्त को दिए।

इसके पश्चात कलेक्टर नगर निगम से होते हुए मुख्य बाजार एवं चांदनीचौक से होते हुए त्रिपोलिया गेट एवं अमृतसागर तालाब पर पहुंचे। इस दौरान शहर में व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के लिए कलेक्टर ने मुख्य मार्गों एवं बाजार का निरीक्षण किया। साथ मौजूद निगमायुक्त श्री झारिया ने बताया कि आबकारी चौराहे से लेकर चांदनीचौक, त्रिपोलिया गेट तक फोरलेन निर्माण की योजना है  डीपीआर तैयार की जा रही है।

कलेक्टर श्री सूर्यवंशी ने अमृत सागर तालाब पहुंचकर झील संरक्षण योजना के तहत किए जा रहे कार्य का निरीक्षण किया। हार्वेस्टर मशीन द्वारा जलकुंभी सफाई की धीमी गति से सख्त नाराज हुए। तालाब से कचरा, जलकुंभी, गाद निकाली जाकर सड़क के दूसरी ओर एकत्रित की जा रही है, कचरे के ढेर को देखकर कलेक्टर नाराज हो गए। सफाई अधिकारी सहित तालाब पर तैनात इंजीनियर के प्रति सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। उनका वेतन तब तक आहरित करने के निर्देश नहीं दिए जब तक कि कचरे के ढेर को अन्यत्र स्थानांतरित किया जाकर शत-प्रतिशत कार्य पूर्ण नहीं कर लिया जाए। इसके अलावा तालाब के किनारे पर निर्माण सामग्री पड़ी देखकर भी नाराजगी व्यक्त की गई। तालाब के अलावा शहर में अन्य सभी स्थानों पर जहां बिल्डिंग मटेरियल अनाधिकृत रूप से रखा हुआ है उसे हटाने के लिए अभियान संचालित करने के निर्देश कलेक्टर ने दिए। तालाब के वेस्ट वियर का कार्य भी धीमी गति से होने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए वर्षा के पूर्व कार्य संपूर्ण करने के निर्देश दिए। ठेकेदार पर सख्त नाराजगी व्यक्त की गई। अमृत सागर तालाब में किनारों से लोगों द्वारा कचरा फेंका जा रहा है यह देखकर कलेक्टर द्वारा किनारों पर जाली लगाने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने हॉट रोड पर भी मौजूद नाले का निरीक्षण किया। यहां भी गंदगी व्यापक रूप से पाई गई जिस पर स्वास्थ्य अधिकारी को कड़े रूप से निर्देशित किया गया। कलेक्टर ने कहा कि निगम को अतिरिक्त पोकलैंड मशीनों की आवश्यकता है तो किराए पर ले सकता है परंतु कार्य में धीमी गति बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सफाई के बाद मलवा उठाने का कार्य त्वरित गति से किया जाए। इस संबंध में नागरिकों द्वारा कलेक्टर से शिकायत भी की गई। इसके अलावा रोडवेज बस स्टैंड के समीप बंद पड़ी पुरानी पुलिस चौकी परिसर में भी गंदगी देखकर कलेक्टर ने वाहन रोका और साथ मौजूद निगमायुक्त को गंदगी हटाने के निर्देश दिए।

—————————————————————-

वीडियो निगरानी दल गठित

रतलाम / कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी के निर्देशानुसार अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री एम.एल. आर्य ने नगरीय निकाय आम निर्वाचन 2022 के लिए निर्वाचन के दौरान राजनीतिक दलों, प्रत्याशियों द्वारा की जा रही रैली, आमसभा एवं निर्वाचन व्यय से संबंधित घटनाओं, वृत्तांतों की निगरानी तथा वीडियोग्राफी के लिए और आदर्श आचरण संहिता के उल्लंघन से संबंधित मामलों, शिकायतों, सुझावों पर तत्काल जांच एवं प्रभावी कार्यवाही के लिए रतलाम जिले की नगर पालिक निगम एवं नगर परिषद् पिपलौदा क्षेत्र में निम्नवत वीडियो निगरानी दल का गठन किया है। यह दल संबंधित रिटर्निंग आफिसर द्वारा निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहकर उनके मार्गदर्शन व नियंत्रण में कार्य सम्पादित करेंगे।

जारी आदेशानुसार नगर परिषद् पिपलौदा के लिए क्रीडा अधिकारी शास. महाविद्यालय पिपलौदा प्रभारी अधिकारी रहेंगे। सहयोगियों में एडीईओ जनपद पंचायत पिपलौदा श्री दिलीप मेहता तथा श्रीमती ममता हंस उमाशि कन्या उमावि पिपलौदा शामिल रहेंगे। नगर पालिक निगम रतलाम के लिए उपसंचालक पशु चिकित्सा सेवाएं डा. मनोज कुमार शर्मा तथा उपयंत्री श्री भावेश पाटिल प्रफारी अधिकारी बनाए गए हैं। सहयोगियों में श्री बरकत अली काजी रतलाम, श्री सुरेन्द्रसिंह चौहान रतलाम तथा श्री आर.पी. सोनी रतलाम सम्मिलित किए गए है।

सहा. प्रा. शा. महाविद्यालय पिपलौदा सुश्री राधा चौहान, सहायक परियोजना अधिकारी जिला पंचायत रतलाम श्री डी.एल. कसेरा तथा उपसंचालक पशु प्रजनन कार्यक्रम अधिकारी डा. डी.के. जैन को उक्त दल से मुक्त किया गया है।

————————————————————

16 जून से 15 अगस्त तक मत्स्य आखेट प्रतिबंधित

रतलाम/ कलेक्टर श्री नरेन्द्र सूर्यवंशी द्वारा जारी आदेशानुसार वर्षा ऋतु में मछलियों की वंश वृद्दि की दृष्टि से संरक्षण हेतु नदीय मत्स्योद्योग अधिनियम 1972 की धारा 3 (2) के अन्तर्गत 16 जून 2022 से आगामी 15 अगस्त तक की अवधि को बंद ऋतु (क्लोज सीजन) के रुप में घोषित किया गया है।

आदेश के तहत निर्दिष्ट क्षेत्रों में मत्स्याखेट, मत्स्य विक्रय, मत्स्य परिवहन प्रतिबंधित किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने पर उल्लंघनकर्ता को 1 वर्ष का कारावास या 5000 रुपए का जुर्माना अथवा दोनों से दंडित किए जाने का प्रावधान है। उक्त नदीय नियम के तहत बंद ऋतु (क्लोज सीजन) अवधि के दौरान छोटे तालाबों में या अन्य स्त्रोत जिनका कोई संबंध किसी नदी से नहीं है और जिन्हें निर्दिष्ट की परिभाषा के अन्तर्गत नहीं लाया गया है को छोडकर समस्त नदियों व जलाशयों में मत्स्याखेट, मत्स्य विक्रय, मत्स्य परिवहन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। उक्त अवधि में मत्स्याखेट, मत्स्य विक्रय, मत्स्य परिवहन न तो स्वयं करें और ना ही इस कार्य में किसी अन्य को सहयोग करें।

————————————————————-

पर्यावरण तथा मतदाता जागरूकता के लिये वार्ड क्रमांक तीन में किया गया अनूठा नवाचार

रतलाम/ त्रिस्‍तरीय पंचायत निर्वाचन एवं नगरीय निकाय निर्वाचन अंतर्गत मतदाता जागरूकता अभियान में विभिन्‍न नवाचारों के साथ मतदाताओं को मताधिकार का शत-प्रतिशत प्रयोग करने के लिये प्रोत्‍साहित किया जा रहा है।

सेंस  प्लान नोडल अधिकारी विनीता लोढा के नेतृत्व में बुधवार को रतलाम शहर के वार्ड क्र. 03, सेक्टर इंदिरा नगर में महिला एवं बाल विकास विभाग के द्वारा मतदाता जागरूकता हेतु एक अनूठा नवाचार किया गया जिसमे मतदाताओं को मतदान के लिये आमंत्रित करने हेतु आमंत्रण कार्ड बीजों से तैयार किए गए। आमंत्रण कार्ड को सिर्फ गमले या मिट्टी के बीच दबाना है। इसके बाद उससे नीम, सहजना नींबू और आंवला आदि का पौधा लग जाएगा। इससे आमंत्रण के साथ-साथ पर्यावरण का भी लाभ मिलेगा। साथ ही उपस्थित वार्डवासियों ने रंगोली भी बनाई गई तथा सभी को मतदान करने हेतु संकल्‍प सूत्र भी बांधे गये और उनसे संकल्‍प लिया गया कि वे मतदान अवश्‍य करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी निवासियों के घर-घर संपर्क कर दिव्‍यांग, बुजुर्ग, नवमतदाता, महिलाएं, युवा आदि को पीले चावल और इको फ्रेंडली आमंत्रण कार्डो का वितरण कर शत-प्रतिशत मतदान हेतु आग्रह किया गया। इस प्रयास को सभी के द्वारा सराहा गया। अंत में सभी को शत-प्रतिशत मतदान हेतु शपथ दिलाई गई।

इस अवसर पर म.प्र. जन अभियान परिषद के जिला समन्‍वयक श्री रत्‍नेश विजयवर्गीय, क्षेत्रीय पर्यवेक्षक वनीता सिंधु, आंगनबाडी कार्यकर्ता आशा पुरी, किरण मैहरा, वनीता कटारिया, सहायिका मीना अटारिया, ट्रीजा खंडेलवाल, कांता गोमें, रेहाना खानम, सहित वार्ड वासी बडी संख्‍या में उपस्थित रहे।

——————————————————————

मलेरिया को खत्म करने के लिए जिले के 12 ग्रामों में छिड़काव कार्यक्रम शुरू

रतलाम 15 जून 2022/ भारत शासन ने वर्ष 2030 तक मलेरिया बीमारी को खत्म करने का लक्ष्य रखा है। मध्यप्रदेश में वर्ष 2025 तक मलेरिया एलिमिनेशन की कार्ययोजना तैयार की गई है। इसी आधार पर रतलाम जिले के 12 संवेदनशील ग्रामों में मलेरिया बीमारी से बचने के लिए अल्फासाइफरर्मेथ्रिन कीटनाशक दवा का छिड़काव कार्य किया जा रहा है। यह छिड़काव कार्य 2 चक्रों में संपन्न किया जाएगा।

प्रथम चक्र 16 जून से प्रारंभ होकर 20 जुलाई तक चलेगा एवं द्वितीय चक्र 1 सितंबर से प्रारंभ होकर 5 अक्टूबर तक किया जाएगा। मलेरिया अधिकारी डॉ प्रमोद प्रजापति द्वारा छिड़काव कार्य की कार्य योजना तैयार की गई है जिसके अंतर्गत 11 उप स्वास्थ्य केंद्रों के 12 गांव शामिल है। इन 12 गांव में वर्ष 2021 में मलेरिया पॉजिटिव प्रकरण दर्ज किए गए थे। विकासखंड बाजना 1 गांव, सैलाना 6 गांव, पिपलोदा 2 गांव, बरडियागोयल 1 गांव, बिलपांक 1 गांव, इसी प्रकार कुल 12 गांव स्प्रे कार्यक्रम में शामिल किए गए। स्प्रे गांव के नाम इस प्रकार हैं मेघला खाली, पूना पाड़ा, धावाईखेड़ी मोरझर, भूरापानी, अमरगढ़, पाटडी, चीराखदान, मानवखेड़ा ,उमेदपुरा, इस्लामपुरा चवरा।

कुल 8113 की जनसंख्या में छिड़काव कार्यक्रम संपादित किया जाएगा।

——————————————————————-

पंचायत निर्वाचन के लिए रंग के होंगे मतपत्र

रतलाम 15 जून 2022/  आयुक्त राज्य निर्वाचन आयोग श्री बसंत प्रताप सिंह ने जानकारी दी है कि त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए मतपत्रों के 4 रंग निर्धारित हैं। पंच पद के लिए सफेद, सरपंच के लिए नीला, जनपद पंचायत सदस्य के लिए पीला और जिला पंचायत सदस्य के लिए गुलाबी रंग का मतपत्र होगा। गौरतलब है कि पंचायत निर्वाचन-2022 मतपत्र और मतपेटी के द्वारा करवाया जाएगा। पंचायत निर्वाचन 3 चरणों में संपन्न होगा।

Trending