झाबुआ, 10 सितम्बर 2025। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के आदेशानुसार एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के तत्वाधान में 13 सितम्बर-2025 को आयोजित होने वाली वर्ष की तीसरी नेशनल लोक अदालत के लिए प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष श्रीमती विधि सक्सेना के द्वारा 10 सितम्बर-2025 को प्रचार-प्रसार वाहन को हरी झंडी दिखाकर न्यायालय परिसर झाबुआ से रवाना किया गया। इस अवसर पर प्रधान जिला न्यायाधीश श्रीमती विधि सक्सेना ने कहा कि लोक अदालत हमारे न्याय तंत्र की वह व्यवस्था है, जिसके माध्यम से आमजन अपने विवादों का त्वरित, सुलभ और निःशुल्क समाधान पा सकते हैं। इसमें न तो लम्बी अदालती प्रक्रिया की जटिलता होती है और न ही अधिक खर्च का बोझ। पक्षकार आपसी सहमति से अपने विवाद का निपटारा कर सकते हैं और उस निर्णय को न्यायालय की डिक्री के समान मान्यता प्राप्त होती है। यह प्रचार वाहन जिले के विभिन्न स्थानों पर जाकर आम नागरिकों को लोक अदालत के महत्व और उपयोगिता से अवगत कराएगा। मेरा सभी नागरिकों से विनम्र आग्रह है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने लंबित प्रकरणों को लोक अदालत के माध्यम से निपटाने का प्रयास करें। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य केवल विवादों का समाधान करना ही नहीं, बल्कि समाज में सौहार्द, आपसी समझ और मेल-मिलाप की भावना को बढ़ावा देना भी है। उन्होंने कहा कि बैंक, नगर पालिका और विद्युत विभाग जैसे संस्थानों के माध्यम से इस प्रचार अभियान में सक्रिय सहयोग प्रदान किया जा रहा है, जिसके लिए मैं सभी संबंधित विभागों को धन्यवाद देती हूं। मेरा आप सभी नागरिकों से आग्रह है कि लोक अदालत के इस अवसर का लाभ उठाएं और अपने विवादों का समाधान शांतिपूर्ण तरीके से करें। हम सभी का प्रयास न्याय को जनसुलभ बनाना है और लोक अदालत इस दिशा में एक सशक्त माध्यम है। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ के सचिव श्री डावर ने कहा कि यह प्रचार वाहन शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और अन्य जनसमुदायों में जाकर लोगों को लोक अदालत की प्रक्रिया से अवगत कराएंगे। साथ ही उन्हें आगामी लोक अदालत में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करेंगे। श्री डावर ने कहा कि लोक अदालत में अपने मामलों को सुलह-समझौते एवं राजीनामा के आधार पर निराकरण कर उन्हें कोर्ट फीस वापिस के साथ-साथ एक छायादार/फलदार पौधा न्याय वृक्ष के रूप में भेंट स्वरूप दिया जायेगा। इस प्रचार वाहन के माध्यम से राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जारी पेम्पलेट का भी वितरण किया जायेगा। इस अवसर पर लोक अदालत के प्रभारी अधिकारी/विशेष न्यायाधीश श्री विवेक सिंह रघुवंशी, प्रथम जिला न्यायाधीश श्री राजेन्द्र कुमार शर्मा, द्वितीय जिला न्यायाधीश श्री सुभाष सुनहरे, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्री नितिन कुमार मुजाल्दा, न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती सरोज बाला मुजाल्दा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री शिव कुमार डावर, जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक, अभिभाषक संघ झाबुआ के अध्यक्ष श्री दीपक भण्डारी, अधिवक्तागण, कर्मचारीगण एवं आमजन उपस्थित रहें।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।