आलीराजपुर, 30 अक्टूबर 2025। राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन वर्ष 2025-26 के सफल क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि अधिकारियों ने बताया कि जिले में प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए व्यापक प्रयास किए जा रहे हैं। मिशन के तहत जिले के आलीराजपुर , सोण्डवा , कट्ठीवाड़ा एवं चंद्रशेखर आजाद नगर जनपद क्षेत्रों में 30 क्लस्टर बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक क्लस्टर में 125 किसानों को जोड़ा गया है। किसानों का चयन ग्राम पंचायत स्तर पर जागरूकता एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रमों के माध्यम से किया गया है तथा इच्छुक किसानों का एमपी किसान पोर्टल पर पंजीयन किया गया है। चयनित क्षेत्रों का प्रमाणीकरण PGS प्रणाली के तहत किया जाएगा। साथ ही 1 एकड़ में प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को प्रोत्साहन राशि (Incentive Payment) प्रदान की जाएगी।
कलेक्टर श्रीमती नीतू माथुर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में प्राकृतिक खेती को प्राथमिकता से बढ़ावा दिया जाए। उन्होंने कहा कि एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर सभी अधिकारी-कर्मचारियों को लक्ष्य निर्धारित करें तथा समय-समय पर समीक्षा करें। कलेक्टर स्वयं मिशन की समय समय पर निगरानी करेंगी। साथ ही धरती माता बचाओ अभियान के अंतर्गत प्रशिक्षण देकर कर्मचारियों को लक्ष्य आधारित कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि समस्त ब्लॉक में संचालित क्लस्टर में किसानों की संख्या 5000 से अधिक कर जमीनी अमले का लक्ष्य दिया जाए और अधिक से अधिक किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रेरित करने हेतु शिविर आयोजित किए जाएं, ताकि आलीराजपुर जिला मध्य प्रदेश में प्राकृतिक खेती में बेहतर प्रदर्शन करे।
बैठक में खाद की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। जिला विपणन अधिकारी सुश्री श्री अमीता मौरे ने बताया कि जिले में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है , रबी सीजन में कृषकों को खाद से संबंधित किसी प्रकार की कोई समस्या नहीं होगी जिले की 26 पैक्स समितियों में माध्यम से खाद वितरण किया जाएगा । इस दौरान कलेक्टर श्रीमती माथुर ने खाद वितरण की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने निर्देशित करते हुए कहा कि प्राइवेट डीलर खाद के रेट डिस्प्ले पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें तथा यदि कोई डीलर निर्धारित दर से अधिक मूल्य पर बिक्री करता पाया गया, तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करें , साथ ही भ्रमण के दौरान यह सुनिश्चित करें किसी भी व्यक्ति द्वारा खाद का अवैध भंडारण एवं कालाबाजारी नहीं की जा रही ।
इस बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री प्रखर सिंह , कृषि अधिकारी श्री सज्जन सिंह चौहान , आत्मा विभाग श्री बीएस मौर्य , सहित पशु विभाग , आजीविका मिशन , सहकारिता सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे ।