Connect with us

झाबुआ

झाबुआ में 20 नवम्बर को निकलेगी “सरदार 150” पदयात्रा
राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ युवा होंगे शामिल

Published

on



झाबुआ, 19 नवम्बर।
लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भारत सरकार एवं मध्यप्रदेश शासन के निर्देशन में पूरे देश में आयोजित किए जा रहे “सरदार@150” कार्यक्रम श्रृंखला के अंतर्गत झाबुआ जिला मुख्यालय पर भव्य पदयात्रा (एकता मार्च) का आयोजन 20 नवम्बर को किया जा रहा है। यह पदयात्रा भारत की अखंडता, एकता और श्रेष्ठता के प्रतीक सरदार पटेल को समर्पित है तथा “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” की परिकल्पना को सशक्त बनाने की एक राष्ट्रव्यापी पहल है।

जिला युवा अधिकारी सुश्री प्रीति (मेरा युवा भारत – झाबुआ) ने बताया कि सरदार पटेल के अदम्य साहस, दूरदृष्टि और राष्ट्र की एकता को मजबूत करने में उनके अप्रतिम योगदान को स्मरण करते हुए यह पदयात्रा झाबुआ के युवाओं में राष्ट्रीय चेतना और एकता के प्रति जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य रखती है। माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प से जुड़ी यह पहल युवाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी हेतु प्रेरित करेगी।

पदयात्रा का समय व मार्ग
पदयात्रा 20 नवम्बर 2025, प्रातः 11:00 बजे झाबुआ के हृदय स्थल राजवाड़ा चौक से प्रारंभ होगी। यह बुनियादी स्कूल रोड, उत्कृष्ट विद्यालय रोड, छतरी चौक, थान्दला गेट, आजाद चौक, कालिका माता मंदिर रोड, डीआरपी लाइन चौराहा, राजगढ़ नाका होते हुए किशनपुरी, गड़वाड़ा, ग्राम मोहनपुरा से आगे बढ़कर ग्राम देवझीरी में राष्ट्रीय एकता के संकल्प के साथ सम्पन्न होगी।

जिला खेल अधिकारी श्री विजय सलाम ने जिले के सभी युवाओं, खेल प्रेमियों और नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर सरदार पटेल की 150वीं जयंती को यादगार बनाने और राष्ट्रीय एकता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

यह कार्यक्रम युवाओं में देशभक्ति, सामाजिक जागरूकता और राष्ट्रीय एकता की भावना को प्रबल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!