Connect with us

झाबुआ

सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर ‘सरदार@150 यूनिटी मार्च’ का आयोजन

Published

on

झाबुआ। नेहरू युवा केन्द्र एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से “एक भारत, आत्मनिर्भर भारत” की संकल्पना को लेकर सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर सरदार@150 यूनिटी मार्च का भव्य आयोजन झाबुआ में किया गया। मार्च का प्रारंभ राजवाड़ा चौक से होकर बुनियादी स्कूल रोड, गांधी प्रतिमा, बस स्टैंड, आजाद चौक, डी.आर.पी. लाइन चौराहा, किशनपुरी, गढ़वाड़ा, मोहनपुरा मार्ग से होते हुए देवझीरी मंदिर पर सम्पन्न हुआ।

प्रभारी मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री, जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन एवं भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग डॉ. कुँवर विजय शाह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में सरदार वल्लभभाई पटेल के अद्वितीय योगदान को स्मरण करने हेतु यूनिटी मार्च का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश की अखंडता एवं एकीकरण में सरदार पटेल का योगदान आज के प्रत्येक युवा के लिए प्रेरणास्रोत है। युवाओं को उनके जीवन, त्याग और राष्ट्र निर्माण के कार्यों को जानना आवश्यक है। डॉ. शाह ने निर्देश दिए कि सरदार पटेल के जीवन पर आधारित वाद-विवाद एवं निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाए, जिसमें युवा वर्ग विशेष रूप से भाग लें। प्रतियोगिता में चयनित टॉप 100 लड़कियों एवं 100 लड़कों को स्टेच्यू ऑफ यूनिटी, केवड़िया की शैक्षणिक यात्रा कराई जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से चर्चा कर झाबुआ जिले के लिए खेल स्टेडियम निर्माण का प्रस्ताव आगे बढ़ाया जाएगा और स्टेडियम के साथ जिम की सुविधा भी विकसित की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि जनजातीय छात्रों को NEET, JEE, UPSC एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में होने वाली कठिनाइयों को दूर करने हेतु संभागीय मुख्यालय पर हॉस्टल निर्माण की प्रक्रिया पर भी कार्य किया जा रहा है।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि सरदार पटेल के कार्यों को जन-जन तक पहुँचाने का सर्वोत्तम माध्यम यह यात्रा है। उन्होंने बताया कि यह राष्ट्रीय यात्रा 31 अक्टूबर से 30 नवंबर तक पूरे देश में एकता और अखंडता का संदेश दे रही है।

सांसद श्रीमती अनिता नागर सिंह चौहान ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर आयोजित यह यूनिटी मार्च झाबुआ, रतलाम एवं आलीराजपुर लोकसभा क्षेत्र में एकता का संदेश फैलाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने कहा कि जैसे सरदार पटेल ने देश को एक सूत्र में बांधा, वैसे ही हमें भी आत्मनिर्भर एवं विकसित भारत के निर्माण में एकजुट होकर योगदान देना होगा। इस अवसर पर उन्होंने झाबुआ जिले में खेल स्टेडियम निर्माण की मांग की।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष भानु भूरिया, जिला उपाध्यक्ष सत्येन्द्र यादव , भील महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष गुमानसिंह डामोर ,जिला महामंत्री विजय चौहान , नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती कविता सिंगार, पुलिस अधीक्षक डॉ. शिवदयाल सिंह , जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!