झाबुआ,– । भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया सतत रूप से संचालित की जा रही है, जिसके तहत जिले की टीम पूरी तत्परता और गंभीरता के साथ कार्य कर रही हैं। इसी क्रम में आज कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा मीना ने 195-पेटलावद विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत छापरी, भूराडाबरा, माछलिया एवं कालीदेवी में एन्युमरेशन फॉर्म (EF) के डिजिटाइजेशन कार्य की प्रगति का स्थल निरीक्षण किया तथा SIR में संलग्न बीएलओ, सहायक बीएलओ एवं पूरी टीम से विस्तृत चर्चा की।
कलेक्टर ने सर्वप्रथम मतदान केन्द्र क्रमांक 234 छापरी में पहुँचकर बीएलओ एवं टीम के कार्यों की समीक्षा की। बीएलओ द्वारा कलेक्टर को बताया गया कि मतदान केन्द्र पर कुल 907 पंजीकृत मतदाता हैं, जिनमें से 84 प्रतिशत से अधिक मतदाताओं के एन्युमरेशन फॉर्म का डिजिटाइजेशन पूर्ण किया जा चुका है। कार्य की इस प्रगति को देखकर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त किया तथा मेहनत और निष्ठा के साथ कार्य कर रही संपूर्ण टीम को साधुवाद प्रेषित किया।
इसके पश्चात कलेक्टर ने मतदान केन्द्र क्रमांक 24 भूराडाबरा में निरीक्षण किया, जहाँ लगभग 75 प्रतिशत डिजिटाइजेशन कार्य पूर्ण हो चुका है। यहाँ कलेक्टर ने बीएलओ के साथ-साथ उनकी सहायता में नियुक्त पटवारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं से चर्चा की। कलेक्टर ने विवाहित महिलाओं के मैपिंग के उपरांत गणना पत्रक भरने की प्रक्रिया की विस्तार से चर्चा की और इस कार्य में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे मोबलाइजेशन की सराहना की।
कलेक्टर ने माछलिया एवं कालीदेवी मतदान केन्द्रों का निरीक्षण किया, जहाँ क्रमशः 58 प्रतिशत एवं 68 प्रतिशत कार्य प्रगति की जानकारी प्राप्त हुई। इन दोनों केन्द्रों पर कार्य की गति और गुणवत्ता को सुदृढ़ करने हेतु कलेक्टर ने अतिरिक्त सहयोगी स्टाफ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही कलेक्टर ने बीएलओ एवं संलग्न टीम के सदस्यों का प्रतिदिन आशा कार्यकर्ता के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण कराए जाने के निर्देश भी प्रदान किए, ताकि फील्ड में सतत कार्यरत कर्मचारियों का स्वास्थ्य सुनिश्चित हो सके। कालीदेवी में निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मोबलाइजेशन में उत्कृष्ट सहयोग प्रदान करने वाली आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया और सराहना व्यक्त की। कलेक्टर ने SIR कार्य से जुड़ी पूरी टीम को प्रोत्साहित करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों पर उपस्थित बुजुर्गों एवं महिलाओं से भी चर्चा की तथा विशेष गहन पुनरीक्षण में संलग्न समस्त अमले का पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर श्री सी. एस. सोलंकी, तहसीलदार रामा, सीईओ जनपद रामा, बीएलओ, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।