Connect with us

झाबुआ

शिक्षा से सशक्त समाज का निर्माण होता है, अनुशासन सफलता की कुंजी -कलेक्टर

Published

on

झाबुआ – । नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के अवसर पर “स्कूल चले हम अभियान” के अंतर्गत शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रामा में जिला स्तरीय प्रवेशोत्सव कार्यक्रम उत्साह एवं गरिमा के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मीना ने नव-प्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें एवं साइकिलें वितरित कीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया।

कलेक्टर नेहा मीना ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान अर्जन का माध्यम नहीं, बल्कि एक सशक्त समाज और उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। उन्होंने “जनसंख्या लाभांश” का उल्लेख करते हुए कहा कि देश की इस शक्ति का सही उपयोग तभी संभव है जब युवा शिक्षित, कुशल एवं आत्मविश्वासी हों। विद्यार्थियों में निरंतर अभ्यास की आदत विकसित करने तथा सह-पाठयक्रम गतिविधियों के माध्यम से उनका आत्मविश्वास बढ़ाने पर भी उन्होंने जोर दिया। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक विद्यार्थियों के जीवन निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यालयों में अनुशासन को प्राथमिकता देने की बात कही, क्योंकि अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।

उन्होंने गत वर्ष के शैक्षणिक परिणामों का उल्लेख करते हुए बताया कि रामा ब्लॉक जिले में प्रथम स्थान पर रहा, जो शिक्षकों एवं प्राचार्यों की मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने निर्देश दिए कि इस उत्कृष्ट कार्यप्रणाली को अन्य ब्लॉकों में भी अपनाया जाए, ताकि पूरे जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कमजोर प्रदर्शन वाले विद्यालयों के गहन विश्लेषण एवं सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए। साथ ही कक्षा 5वीं एवं 8वीं के उत्कृष्ट परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिक्षकों को श्रेय दिया और 10वीं व 12वीं के बेहतर परिणामों की आशा जताई।

कलेक्टर ने विद्यालयों में पाठ्यपुस्तकों के समयबद्ध वितरण के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने विशेष रूप से कक्षा 10वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों के लिए नियमित करियर काउंसलिंग सत्र आयोजित करने पर बल दिया, जिससे वे अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार उचित दिशा में आगे बढ़ सकें।

प्रदेश से नियुक्त ओआईसी श्री मौर्य ने जानकारी दी कि शासन के निर्देशानुसार 1 से 4 अप्रैल तक चार दिवसीय प्रवेशोत्सव आयोजित किया जाएगा। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन समिति की बैठक, एलुमनी सम्मान एवं “भविष्य से भेंट” जैसे कार्यक्रम आयोजित होंगे। उन्होंने एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर विद्यार्थियों के अनिवार्य नामांकन पर भी जोर दिया।

जिला शिक्षा अधिकारी आर. एस. बामनिया ने बताया कि प्रवेशोत्सव विद्यार्थियों के लिए उत्साह और उमंग का अवसर है। उन्होंने कहा कि जिले में साइकिल एवं पाठ्यपुस्तक वितरण समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एजुकेशन पोर्टल 3.0 पर पंजीयन संख्या 1,90,668 तक पहुंच चुकी है, जिसे शीघ्र ही 100 प्रतिशत पूर्ण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने अपार आईडी (APAR ID) के महत्व पर भी प्रकाश डाला ।

विद्यार्थी एवं अभिभावक संवाद आयोजित
कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें अपने रुचि एवं क्षमता के अनुसार करियर चयन के लिए प्रेरित किया। इस दौरान छात्र उज्जवल दिवाकर ने भारतीय सेना में जाने की इच्छा व्यक्त की, जिस पर कलेक्टर ने उसकी सराहना करते हुए उसे अनुशासन एवं परिश्रम के साथ लक्ष्य प्राप्ति हेतु प्रेरित किया।

अभिभावक संवाद के दौरान ग्राम आंबा के बाबू सिंह बरिया ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपने बच्चों को शिक्षित किया। उन्होंने अन्य अभिभावकों से भी बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का आग्रह किया।

नवप्रवेशी विद्यार्थियों का स्वागत कर निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं साइकिल वितरित
कार्यक्रम में कक्षा पहली के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर स्वागत किया गया तथा उन्हें निःशुल्क पाठ्यपुस्तक एवं बैग वितरित किए गए। वहीं कक्षा 6वीं के विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं।

इस दौरान सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती सुप्रिया बिसेन, डीपीसी रालुसिंह सिंगार, अन्य अधिकारी कर्मचारी, प्राचार्य, शिक्षक एवं छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!