Connect with us

झाबुआ

नवागत एसपी देवेंद्र पाटीदार का एक्शन मोड शुरू

Published

on

पहली क्राइम मीटिंग में अपराधियों को सख्त संदेश, पुलिस अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश


झाबुआ। जिले के नवागत पुलिस अधीक्षक  ने पदभार ग्रहण करते ही एक्शन मोड में नजर आते हुए शुक्रवार को जिला पुलिस कंट्रोल रूम में अपनी पहली क्राइम मीटिंग आयोजित की। बैठक में जिलेभर के पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण एवं लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई। एसपी पाटीदार ने साफ शब्दों में कहा कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी तथा आमजन की समस्याओं के निराकरण में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनने के निर्देश


बैठक में पुलिस अधीक्षक ने थाना प्रभारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि थानों में आने वाले फरियादियों की शिकायतों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता के साथ सुना जाए। हर प्रकरण में त्वरित एवं वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार जनहितकारी एवं भरोसेमंद होना चाहिए, ताकि आमजन में सुरक्षा का भाव मजबूत हो।
सीएम हेल्पलाइन, NCRP और CEIR शिकायतों पर विशेष फोकस
एसपी पाटीदार ने जिले में लंबित अपराधों एवं शिकायतों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सीएम हेल्पलाइन, एनसीआरपी पोर्टल एवं सीईआईआर पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का समयबद्ध समाधान पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
महिला अपराधों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैठक के दौरान महिला संबंधी अपराधों पर विशेष गंभीरता दिखाई गई। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट कहा कि महिला अपराधों के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रत्येक मामले की जांच प्राथमिकता एवं संवेदनशीलता के साथ करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।
अवैध शराब, जुआ-सट्टा और नशे के कारोबारियों पर चलेगा अभियान
जिले में अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एसपी ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि मादक पदार्थों की बिक्री, अवैध शराब, जुआ-सट्टा एवं अन्य असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही नशा मुक्ति अभियान को भी प्रभावी रूप से संचालित करने के निर्देश दिए गए।
गुमशुदा बच्चों की तलाश और वारंट तामीली में तेजी लाने के निर्देश
बैठक में लंबित समंस एवं वारंटों की तामीली में तेजी लाने तथा गुमशुदा बालक-बालिकाओं की शीघ्र दस्तयाबी के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। एसपी ने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस की सक्रियता सीधे जनता के विश्वास से जुड़ी होती है।
गांव-गांव और शहर-शहर बढ़ेगी पुलिस की सक्रियता
एसपी पाटीदार ने ग्राम एवं नगर सुरक्षा समितियों को और अधिक सक्रिय करने के निर्देश देते हुए थाना एवं चौकी प्रभारियों को नियमित गश्त बढ़ाने के लिए कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि संपत्ति संबंधी अपराधों पर नियंत्रण एवं आमजन में सुरक्षा की भावना पैदा करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मीटिंग से पहले किया कंट्रोल रूम और पुलिस शाखाओं का निरीक्षण
क्राइम मीटिंग से पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा एसपी कार्यालय, पुलिस रेडियो शाखा एवं जिला पुलिस कंट्रोल रूम का निरीक्षण भी किया गया। इस दौरान उन्होंने संबंधित शाखाओं के कार्यों की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
नवागत एसपी की पहली ही बैठक से यह साफ संकेत मिल गया है कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों के खिलाफ अब पुलिस सख्त और सक्रिय भूमिका में नजर आएगी।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!