Connect with us

झाबुआ

हरिनगर व सागवा जनसमस्या निवारण शिविर में पहुंचे एसडीएम भास्कर गाचले, राजस्व प्रकरणों का मौके पर किया निराकरण

Published

on

थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट) आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान एवं शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों का निरीक्षण करने हेतु अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) थांदला भास्कर गाचले आज हरिनगर क्लस्टर पहुंचे। शिविर में उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं मैदानी कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने विभाग की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।

शिविर के दौरान एसडीएम भास्कर गाचले ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा जनहित से जुड़े मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

इसके पश्चात उन्होंने आयुष्मान आरोग्य मंदिर हरिनगर का निरीक्षण किया। यहां उपस्थित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों से उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी प्राप्त करते हुए उन्होंने निर्देशित किया कि मरीजों के उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाओं में किसी प्रकार की लापरवाही या खिलवाड़ नहीं होना चाहिए तथा सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं।

बाद में एसडीएम भास्कर गाचले एवं तहसीलदार सुखदेव डावर जनपद पंचायत थांदला के सागवा क्लस्टर में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर पहुंचे। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, आवेदक तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। अधिकारियों द्वारा आमजन की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए।

शिविर के दौरान राजस्व विभाग के पांच नामांतरण प्रकरणों का मौके पर ही निराकरण किया गया। साथ ही संबंधित हितग्राहियों को संशोधित खसरा एवं नक्शे की प्रतियां तत्काल उपलब्ध कराई गईं। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों ने संतोष व्यक्त किया।

जनसमस्या निवारण शिविरों के माध्यम से प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी प्रयास कर रहा है।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!