झाबुआ- । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा विकासखंड झाबुआ अंतर्गत शैक्षणिक संस्थाओं का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 10 संस्थाओं का भ्रमण किया गया, जिनमें 03 हाई स्कूल, 03 उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, 02 प्राथमिक विद्यालय एवं 02 माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शिक्षा की गुणवत्ता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति तथा विद्यालयों के सुचारू संचालन के संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार औचक निरीक्षण किए जाएंगे तथा विद्यालय संचालन में लापरवाही, शिक्षकों की अनुपस्थिति एवं विद्यार्थियों की कम उपस्थिति पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर ने सभी शिक्षकों को निर्देशित किया कि वे विद्यार्थियों के अभिभावकों से नियमित संपर्क स्थापित करें तथा घर-घर जाकर बच्चों को विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करना शिक्षकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
शासकीय हाई स्कूल करड़ावद बड़ी के निरीक्षण के दौरान विद्यालय में एक भी छात्र उपस्थित नहीं पाया गया। कक्षा 9 एवं 10 में भी कोई विद्यार्थी उपस्थित नहीं था। शिक्षक श्री मुकेश तोमर बिना सूचना के अनुपस्थित पाए गए तथा कुछ शिक्षक विलंब से विद्यालय पहुंचे। संस्था संचालन में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर संस्था प्रभारी एवं संबंधित लापरवाह शिक्षकों के विरुद्ध कार्रवाई हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
प्राथमिक शाला गेहलर बड़ी, संकुल केंद्र करड़ावद में प्रभारी श्री छगन सिंह गुड़िया अनुपस्थित पाए गए। अन्य दो शिक्षिकाएं उपस्थित थीं, किंतु विद्यार्थियों की संख्या अत्यंत कम पाई गई। विद्यालय का संचालन नियमित नहीं पाए जाने पर तीनों शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
शासकीय हाई स्कूल खेड़ी एवं शासकीय प्राथमिक विद्यालय खेड़ी के निरीक्षण में प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी श्री टीकम कुण्डल तथा शिक्षक श्री नीलेश पुरोहित अनुपस्थित पाए गए। वहीं शासकीय हाई स्कूल खेड़ी में विद्यार्थियों की संख्या शून्य पाई गई। विद्यालय में व्याप्त अव्यवस्था को गंभीरता से लेते हुए संस्था प्रभारी को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिटोल में निरीक्षण के दौरान चार शिक्षक अनुपस्थित पाए गए। साथ ही एक शिक्षक लगातार अनुपस्थित रहने का आदी पाया गया जिसके विरुद्ध निलंबन की कार्यवाही करने के निर्देश दिए। विद्यालय में छात्र उपस्थिति अत्यंत कम होने तथा संस्था संचालन में अनियमितता पाए जाने पर अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस जारी करने एवं संस्था प्राचार्य को भी कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त दो चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय पिटोल में बड़ी संख्या में छात्राओं की उपस्थिति पाई गई। विद्यालय में कार्यरत दो शिक्षकों का कार्य व्यवहार एवं शैक्षणिक कार्य सराहनीय पाया गया। कलेक्टर ने उनके उत्कृष्ट कार्य की प्रशंसा करते हुए उन्हें सोमवार को सम्मानित किए जाने के निर्देश दिए।
शासकीय हाई स्कूल पिपलिया में निरीक्षण के दौरान एक भी छात्र उपस्थित नहीं मिला। संस्था में शैक्षणिक गतिविधियों की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर संस्था प्राचार्य को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने तथा अनुपस्थित प्रधानाध्यापक एवं अन्य अनुपस्थित शिक्षकों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय अंतरवेलिया में कक्षा 1 से 8 तक विद्यार्थियों की संख्या शून्य पाई गई। विद्यालय स्तर पर अभिभावकों से संपर्क एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के प्रयास नहीं किए जाने पर प्रधानाध्यापक एवं माध्यमिक स्तर के शिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
पीएम श्री उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भगोर में विद्यार्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर संस्था प्रभारी प्राचार्य एवं एक उच्च माध्यमिक शिक्षक को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही संबंधित जनशिक्षकों की अनुपस्थिति पाए जाने पर उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जा रही है । उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कल्याणपुरा में विद्यार्थियों की उपस्थिति कम पाए जाने तथा संस्था संचालन में अपेक्षित सुधार की आवश्यकता होने पर संस्था प्राचार्य को नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने यह भी पाया कि कई क्षेत्रों में जनशिक्षकों द्वारा नियमित फील्ड निरीक्षण नहीं किया जा रहा है। कर्तव्य के प्रति लापरवाही बरतने पर शासकीय हाई स्कूल करड़ावद बड़ी, शासकीय हाई स्कूल झायड़ा, शासकीय हाई स्कूल भगोर एवं शासकीय हाई स्कूल कल्याणपुरा से संबंधित जनशिक्षकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
शिक्षा व्यवस्था में सुधार जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, विद्यालयों का अनुशासित संचालन तथा शिक्षकों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. योगेश तुकाराम भरसट , कलेक्टर झाबुआ
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।