*गणपति वंदना के साथ आयोजन का हुआ शुभारंभ, ढोल-धमाकों और जयकारों के बीच निकली आमंत्रण यात्रा*
*24 अक्टूबर को भक्ति, आराधना और श्रद्धा से गूंजेगा झकनावदा*
झकनावदा (निप्र)। नगर के धार्मिक एवं आध्यात्मिक वातावरण में उस समय भक्ति की अनूठी छटा देखने को मिली, जब आगामी 24 अक्टूबर 2026, शनिवार को आयोजित होने वाले श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्ति महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका एवं पोस्टर का सकल श्रीसंघ की उपस्थिति में विधि-विधान के साथ विमोचन किया गया। इस दौरान श्रद्धा, उल्लास और धर्ममय वातावरण के बीच भगवान श्री गणेश, श्री आदिनाथ भगवान, श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ भगवान एवं श्री नाकोड़ा भैरव देव के जयकारों से नगर का माहौल भक्तिमय हो उठा। आयोजन की मंगल शुरुआत स्थानीय गणेश मंदिर से की गई। यहां सकल श्रीसंघ के सदस्यों ने सर्वप्रथम मंदिर में विराजित श्री गणेश जी महाराज एवं रिद्धि-सिद्धि को पुष्पमाला अर्पित कर आमंत्रण पत्रिका समर्पित की। इसके पश्चात भगवान से आगामी भक्ति महोत्सव को निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न कराने की प्रार्थना की गई।
*ढोल-धमाकों के साथ निकली आमंत्रण यात्रा, जयकारों से गूंजा नगर*
गणेश मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात सकल श्रीसंघ द्वारा पारंपरिक एवं भक्तिमय वातावरण में आमंत्रण यात्रा निकाली गई। यात्रा में थालियों में गुलाब की पंखुड़ियों के बीच सुसज्जित आमंत्रण पत्रिकाएं, श्रीफल एवं महोत्सव के पोस्टर श्रद्धापूर्वक रखे गए। श्रीसंघ के सदस्य इन्हें अपने हाथों में लेकर ढोल-धमाकों के साथ नगर के प्रमुख बाजार मार्गों से होते हुए श्री केसरियानाथ जैन देरासर पहुंचे। यात्रा के दौरान भगवान श्री आदिनाथ, श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ एवं श्री नाकोड़ा भैरव देव के जयकारे गूंजते रहे। धर्ममय वातावरण और श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन के प्रति उत्साह को और बढ़ा दिया। यह आमंत्रण यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन का निमंत्रण नहीं, बल्कि सकल श्रीसंघ की एकजुटता, आस्था और प्रभु भक्ति का प्रतीक बनी।
*जिनालय में विराजित सभी देवी-देवताओं को दिया निमंत्रण*
श्री केसरियानाथ जैन देरासर पहुंचने के पश्चात विधि-विधान से जिनालय में विराजित मूलनायक दादा श्री आदिनाथ भगवान सहित समस्त जिन बिंबों एवं देवी-देवताओं को आमंत्रण पत्रिका अर्पित कर महोत्सव में पधारने की भावपूर्ण विनती की गई। इसके पश्चात सकल श्रीसंघ की उपस्थिति में श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्ति महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका एवं पोस्टर का विधिवत विमोचन किया गया। इस अवसर पर आयोजन की सफलता, धर्म की प्रभावना तथा अधिकाधिक श्रद्धालुओं की सहभागिता के लिए मंगल भावना व्यक्त की गई। महोत्सव को लेकर श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्त मंडल झकनावदा द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि इस धार्मिक आयोजन में नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु शामिल होंगे।
*24 अक्टूबर को निकलेगा भव्य वरघोड़ा, रथ में विराजेंगे आराध्य प्रभु*
श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्त मंडल झकनावदा ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 24 अक्टूबर, शनिवार को प्रातः स्थानीय गणेश मंदिर परिसर से भव्य वरघोड़ा निकाला जाएगा। वरघोड़े में बग्गी एवं बैंड-बाजों के साथ धार्मिक उल्लास का वातावरण रहेगा। इसमें परमात्मा श्री आदिनाथ भगवान, श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ भगवान एवं श्री नाकोड़ा भैरव देव को रथ में विराजमान कर नगर भ्रमण कराया जाएगा। वरघोड़े के दौरान श्रद्धालु प्रभु के जयकारे लगाते हुए धर्ममय वातावरण में सहभागी बनेंगे। आयोजन की एक विशेष आकर्षण छप्पन भोग के लाभार्थी परिवारों की सहभागिता रहेगी। लाभार्थी परिवार छप्पन भोग को अपने सिर पर धारण कर वरघोड़े में चलते हुए दिखाई देंगे। यह दृश्य श्रद्धा, समर्पण एवं धार्मिक परंपरा का अनुपम संगम प्रस्तुत करेगा।
*छप्पन प्रकार के नैवेद्य से होगी भैरव देव की आराधना*
नगर भ्रमण के पश्चात वरघोड़ा श्री केसरियानाथ जैन देरासर पहुंचेगा। यहां श्री नाकोड़ा भैरव देव को छप्पन प्रकार का नैवेद्य अर्पित किया जाएगा। इसके पश्चात विधि-विधान के साथ महाआरती उतारी जाएगी। इस दौरान श्रद्धालु प्रभु की आराधना कर परिवार एवं समाज में सुख-समृद्धि, शांति और मंगल की कामना करेंगे। आयोजकों के अनुसार छप्पन भोग एवं महाआरती महोत्सव के प्रमुख धार्मिक आकर्षणों में शामिल रहेंगे। पूरे कार्यक्रम को भक्तिभाव, धार्मिक मर्यादा और परंपराओं के अनुरूप संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है।
*रात्रि में इंदौर की अदिति कोठारी देंगी भजनों की मनमोहक प्रस्तुति*
भक्ति महोत्सव का विशेष आकर्षण रात्रिकालीन भक्ति संध्या रहेगी। जिसमें मेवानगर पेटलावद के गादीपति सुमीत पीपाड़ा मुख्यरूप से आतिथ्य प्रदान करेंगे। वही रात्रि में दादा की अखंड ज्योति खड़ी की जावेगी। इसके साथ ही रात्रि में इंदौर की सुप्रसिद्ध भजन गायिका सुश्री अदिति कोठारी अपनी सुमधुर आवाज में भगवान श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ एवं श्री नाकोड़ा भैरव देव की महिमा से ओतप्रोत भजनों की प्रस्तुति देंगी। उनके भजनों के माध्यम से श्रद्धालु भक्ति, संगीत और आराधना के भावों में सराबोर होंगे।
*भक्ति संध्या के दौरान उतरेगी 108 दीपकों से आरती*
भक्ति संध्या के दौरान 108 दीपकों से भगवान श्री नाकोड़ा पार्श्वनाथ एवं श्री नाकोड़ा भैरव देव की आरती उतारी जाएगी। दीपों की जगमगाती रोशनी, भजनों की मधुर स्वर लहरियां और श्रद्धालुओं की सामूहिक भक्ति महोत्सव को विशेष आध्यात्मिक स्वरूप प्रदान करेंगी।
*श्रद्धालुओं को वितरित की जाएगी अभिमंत्रित रक्षा पोटली*
भक्ति संध्या एवं आरती के पश्चात उपस्थित भक्तों को दादा की अभिमंत्रित रक्षा पोटली वितरित की जाएगी। आयोजन समिति के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य प्रभु भक्ति के साथ धर्म के प्रति आस्था, समाज में एकता और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करना है। श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्त मंडल झकनावदा ने सकल श्रीसंघ, नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्रों के समस्त धर्मप्रेमी परिवारों से महोत्सव में सपरिवार सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने का भावपूर्ण आह्वान किया है। भक्ति, आराधना, वरघोड़े, छप्पन भोग और मधुर भजनों से सुसज्जित यह महोत्सव 24 अक्टूबर को झकनावदा में धर्म एवं आस्था की एक विशेष छटा बिखेरने जा रहा है।
*इस दौरान यह रहे मुख्य रूप से मौजूद*
पत्रिका विमोचन के दौरान मुख्य रूप से ज्ञानमल भांगू,नरेंद्र कुमार कोठारी,अभय कुमार कोठारी,शैतानमल कुमट,प्रदीप कुमार भांगू,ऋषभ कोटड़िया, विक्की सेठिया,राजू सेठिया सहित श्री नाकोड़ा पार्श्व भैरव भक्त मंडल झकनावदा उपस्थित थे।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।