Connect with us

DHAR

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम खैरवास में करीब 360 करोड़ की लागत के सोया प्लांट का किया वर्चुअली भूमि-पूजन

Published

on

 
मध्यप्रदेश में सोया इण्डस्ट्रीज के विकास के प्रयास बढ़ाएंगे– मुख्यमंत्री श्री चौहान
 
सोयाबीन के रकबे में वृद्धि होगी साथ ही स्थानीय किसान लाभान्वित होंगे- मंत्री श्री दत्तिगांव
 
      धार  9 जनवरी 2022/ मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में सोया इण्डस्ट्री को स्थापित करने के लिए प्रयास बढ़ाए जाएंगे। किसानों के हित में सोया इण्डस्ट्रीज को फिर से खड़ा करना है। सोयाबीन उत्पादन में वृद्धि, उत्पादन की बिक्री और प्र-संस्करण इकाइयों की स्थापना से किसानों को लाभ दिलवाने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। प्रयाय यह करेंगे कि किसानों के परिश्रम का उन्हें भरपूर मूल्य मिले, इसलिए निर्यात के क्षेत्र में भी प्रयास बढ़ाए जाएंगे। वर्तमान में सोया ऑयल का आयात बढ़ने से राष्ट्र की पूँजी का व्यय हो रहा है। इस नाते सोया प्र-संस्करण इकाइयों की शुरूआत मायने रखती है। किसानों से कच्चा माल लेकर उनके प्रोडक्ट का वेल्यू एडिशन कर उन्हें लाभ दिलवाने के लिए ऐसी इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित किया जाएगा।
    मुख्यमंत्री श्री चौहान आज धार जिले की बदनावर तहसील के ग्राम खैरवास में करीब 360 करोड़ की लागत के सोया प्लांट के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। आईबी ग्रुप के इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वर्चुअली भागीदारी की। औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने मौके पर प्लांट का भूमि-पूजन किया। लगभग 500 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार देने वाले इस संयंत्र का कार्य अगले 18 माह में पूर्ण होगा। करीब 3000 मेट्रिक टन की क्षमता से उत्पादन होगा। स्थानीय किसानों को सोयाबीन फसल के पर्याप्त दाम मिलेंगे।
     औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने कहा कि आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश के लिए औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और सोयाबीन जैसे उत्पादन को उपयोग में लाने के लिए प्र-संस्करण इकाई की शुरूआत हो रही है। सोयाबीन के रकबे में वृद्धि होगी साथ ही स्थानीय किसान लाभान्वित होंगे। कार्यक्रम में राजेश अग्रवाल, खेमराज पाटीदार और अन्य जन-प्रतिनिधि उपस्थित थे।
      आईबी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर बहादुर अली ने बताया कि उद्योग करीब 65 एकड़ भूमि में स्थापित होगा। इसके निर्माण में साढ़े तीन सौ करोड़ से अधिक का निवेश होगा। प्लांट बनने से ढाई हजार से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा। इस सोया प्लांट में सोया क्रशिंग, रिफाइनरी व लाइव स्टॉक फिड का उत्पादन होगा। जिसके लिए सालाना लगभग 7 लाख मैट्रिक टन सोयाबीन की आवश्यकता होगी। जो कि मध्यप्रदेश के सोया किसानों से खरीदी जाएगी। जिससे किसानों की आय दोगुनी करने का अवसर प्राप्त होगा। आईबी ग्रुप को आने वाले वर्षों में उत्पादन के लिए लगभग 11 लाख मैट्रिक टन सोयाबीन की आवश्यकता होगी। जो पूरे देश की खपत का लगभग 12 प्रतिशत है। ज्ञात हो कि क्षेत्र में सोयाबीन खरीफ की मुख्य फसल है। यह 74 हजार 135 हेक्टेयर से अधिक भूमि में बोई जाती है। जो कुल हेक्टेयर का 90 प्रतिशत है। गुणवत्ता पूर्ण सोयाबीन का उत्पादन होने व अच्छे भाव में बिकने से यह किसानों की पहली पसंद बनी हुई है। बदनावर में संबंधित व्यापारियों द्वारा खरीदी कर घाटाबिल्लौद व पीथमपुर स्थित सोयाबीन प्लांटों में भेजी जाती है। किंतु अब बदनावर में ही सोया संबंधित उद्योग खुलने से किसानों को अपनी सोयाबीन के उचित दाम भी मिलेंगे व उद्योग को भी कम समय व आसानी से कच्चा माल मिल जाएगा। जिससे परिवहन में भी लागत कम आएगी।
किसानों की आय दुगनी करने का संकल्प
     मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों के परिश्रम से मध्यप्रदेश को सात बार कृषि कर्मण अवार्ड प्राप्त हुआ है। अब हम कृषि से खाद्य प्र-संस्करण की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। मध्यप्रदेश में निवेश के अनुकूल वातावरण है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी भी किसानों की आय दोगुनी करना चाहते हैं। उनके संकल्प को पूरा करने के लिए ऐसे प्लांट सहायक होंगे जो किसानों को लाभान्वित करेंगे। प्रदेश में उत्पादन वृद्धि, लागत घटाने, उचित मूल्य दिलवाने की व्यवस्था के साथ शून्य प्रतिशत पर ऋण जैसी सुविधाओं को उपलब्ध करवाया जा रहा है। पूर्व में भावांतर योजना के माध्यम से भी किसानों को बाजार से फसल के मूल्य के अंतर की राशि उपलब्ध करवाई गई। सोया प्र-संस्करण इकाई के लिए मध्यप्रदेश का चयन उचित भी है, क्योंकि उपभोक्ताओं को खाद्य तेल भी कम कीमत पर मिलेगा और सोयाबीन उत्पादक कृषक भी लाभान्वित होंगे। इस तरह की इकाइयों की स्थापना के लिए राज्य सरकार द्वारा प्रोत्साहन दिया जाएगा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि रोजगार सृजन के लिए भी नए निवेश आवश्यक हैं। मध्यप्रदेश में उद्योगों की स्थापना के लिए अनुकूल माहौल बनाने के लिए समय-समय पर नीतियों में भी संशोधन किया गया है।
पीला सोना कहलाता है सोयाबीन
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में 11 जलवायु क्षेत्र हैं। मध्यप्रदेश गेहूँ के उत्पादन और गुणवत्ता के मामले में विश्व विख्यात है। गेहूँ उत्पादन में हमने पंजाब को भी पीछे छोड़ दिया है। इसी तरह दलहन, तिलहन उत्पादन में हम आगे आ गए हैं। यही नहीं फलों, सब्जियों और औषधीय पौधों के उत्पादन में भी मध्यप्रदेश प्रगति कर रहा है। एक समय सोयाबीन में भी मध्यप्रदेश नंबर एक पर था। इसे पीला सोना कहते हैं। किसानों की आर्थिक हालत बदलने का काम किया था, लेकिन फसलों की क्षति भी काफी होती थी। इस संबंध में कृषि विश्वविद्यालय के विशेषज्ञों का सहयोग प्राप्त किया जाएगा। प्रदेश में तीन शासकीय और छह निजी विश्वविद्यालय कृषि अनुसंधान का कार्य कर रहे हैं।
सिंचाई ने पलटी है काया, बदनावर कोमिलेगा नर्मदा जल का लाभ
    मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में पहले 6 से 7 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई होती थी। गत 18 वर्ष में इसकी वृद्धि 43 लाख हेक्टेयर तक हो गई है। हमारा लक्ष्य 65 लाख हेक्टेयर का है। शासकीय और निजी साधनों से करीब एक करोड़ आठ लाख हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई हो रही है। भरपूर सिंचाई से ही मध्यप्रदेश कृषि क्षेत्र में देश में अग्रणी प्रांतों में शामिल हुआ है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इस संयंत्र की स्थापना से विशेष रूप से बदनावर क्षेत्र के किसान लाभान्वित होंगे। यहाँ सिंचाई की सुविधाएँ बढ़ाई जाएंगी। पर्याप्त नर्मदा जल का लाभ भी बदनावर को मिले इसके प्रयास किए जाएंगे।
कोरोना काल में भी आया निवेश
     मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि निवेश के लिए मध्यप्रदेश सबसे अनुकूल राज्य है। यहाँ औद्योगिक शांति के साथ पर्याप्त भूमि की उपलब्धता भी है। प्रदेश के नागरिक सहयोगी स्वभाव के हैं। यहाँ निवेशकों के लिए हितैषी उद्योग प्रोत्साहन नीति है। यही वजह है कि वित्त वर्ष 2021-22 के प्रारंभिक 9 महीनों में 27 हजार 856 करोड़ रूपए का नवीन निवेश आया है। करीब 70 हजार लोगों के लिये प्रत्यक्ष रोजगार की राह खुली है।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement
झाबुआ3 hours ago

पेंशनर्स के प्रति हमारे दायित्वों के प्रति समर्पित रहे -शांति वसुनिया
जिला कार्यकारिणी की बैठक संपन्न

झाबुआ17 hours ago

नागरिक सहकारी बैंक झाबुआ का वार्षिक व्यापक सम्मेलन संपन्न****

झाबुआ17 hours ago

डॉ.अंजना मुवेल “नारी अस्मिता श्रेष्ठ साहित्य सम्मान” से सम्मानित* 

झाबुआ17 hours ago

जिला जन सम्पर्क केे आईने से***** 2 अक्टूबर को शुष्क दिवस घोषित****पशु घर गिरने से मृत दो गायों के प्रकरण में 77000 से अधिक आर्थिक सहायता राशि स्वीकृत****खुशियों की दास्ता साइबर तहसील परियोजना से घर बैठे अरबाज का नामांतरण आसानी से हो गया

अलीराजपुर19 hours ago

अलीराजपुर – खट्टाली के ग्राम बलदमुंग के भीलफलिया का ममाला , बुजुर्ग को उतारा मौत के घाट ।

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2021. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!