Connect with us

झाबुआ

अभ्युदय मध्यप्रदेश की थीम पर राज्य का 70 वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया

Published

on

झाबुआ। आज मध्यप्रदेश राज्य का 70वां स्थापना दिवस “अभ्युदय मध्यप्रदेश” की थीम पर हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ आजीविका भवन झाबुआ में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में कलेक्टर नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह एवं जिलाध्यक्ष भानु भूरिया विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारम्भ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। तत्पश्चात् मंत्री सुश्री भूरिया द्वारा बालिकाओं का पूजन कर उन्हें उपहार भेंट किए गए

मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने इस अवसर पर जिलेवासियों को 70वें स्थापना दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि 1 नवम्बर 1956 को मध्यप्रदेश राज्य की स्थापना हुई थी तथा वर्ष 2000 में छत्तीसगढ़ राज्य पृथक होने के पश्चात् वर्तमान स्वरूप में मध्यप्रदेश अस्तित्व में आया। उन्होंने कहा कि राज्य के सर्वांगीण विकास के लिए शासन एवं प्रशासन द्वारा निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। सुश्री भूरिया ने कहा कि मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आर्थिक प्रगति के लिए युवा पीढ़ी को आगे बढ़कर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू कर अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व तथा मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भर मध्यप्रदेश की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। सुश्री भूरिया ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रों में कार्य करने की असीम संभावनाएँ हैं। निरंतर प्रयासों और नवाचारों के माध्यम से सभी को मिलकर मध्यप्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए योगदान देना चाहिए।

कलेक्टर नेहा मीना ने कहा कि इस वर्ष स्थापना दिवस “अभ्युदय मध्यप्रदेश” की थीम पर मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश विविधताओं से भरा प्रदेश है, जहाँ थोड़ी ही दूरी पर भाषा, बोली और संस्कृति में परिवर्तन दिखाई देता है। यही विविधता हमारी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी सांस्कृतिक विरासत को संजोते हुए प्रदेश विकास के नए आयाम छू रहा है। उन्होंने कहा कि “संपदा 2.0” और “सिपरी सॉफ्टवेयर” जैसे नवाचार आज अन्य राज्यों के लिए उदाहरण बन चुके हैं। कलेक्टर ने आगे कहा कि युवाओं के कंधों पर प्रदेश के उज्जवल भविष्य की जिम्मेदारी है। शासन, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधियों के आपसी समन्वय से मध्यप्रदेश को नई ऊँचाइयों पर पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक अमला निरंतर फील्ड में कार्य कर शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुँचाने का संकल्प लेकर कार्यरत है। पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह ने जिलेवासियों को स्थापना दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि आने वाले वर्ष में हम सभी का संकल्प होना चाहिए कि झाबुआ जिला और अधिक सुरक्षित, संकल्पित एवं विकसित बने। जिलाध्यक्ष श्री भानु भूरिया ने कहा कि जिस प्रकार हम अपने परिवारजनों का जन्मदिन हर्षोल्लास से मनाते हैं, उसी प्रकार राज्य स्थापना दिवस भी पूरे उत्साह और उमंग के साथ मनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपनी भूमिका निभानी चाहिए

रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम
सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों और छात्र-छात्राओं ने मनमोहक प्रस्तुतियाँ दीं, जिससे वातावरण उल्लास और उमंग से भर उठा। पीएम श्री कन्या विद्यालय की बालिकाओं द्वारा “आदि कर्मयोगी अभियान” पर आधारित आकर्षक नृत्य-नाटिका की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

शपथ ग्रहण
इसी अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने उपस्थित जनसमूह को बाल विवाह न करने एवं उसके उन्मूलन हेतु सक्रिय प्रयास करने की शपथ दिलाई। साथ ही उन्होंने “नशा मुक्त भारत” अभियान के अंतर्गत सभी को नशामुक्त रहने की शपथ भी दिलाई।
कार्यक्रम के उपरांत मंत्री सुश्री भूरिया, कलेक्टर नेहा मीना एवं पुलिस अधीक्षक शिवदयाल सिंह ने “नशा मुक्ति सेल्फी स्टैंड” पर सेल्फी लेकर अन्य नागरिकों को भी नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित किया।

प्रदर्शनी
स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। कुटीर एवं ग्रामोद्योग विभाग, महाकालेश्वर स्व-सहायता समूह, मध्यप्रदेश डे-राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, कृषि विभाग, सामाजिक न्याय विभाग, पशुपालन विभाग तथा स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा हस्तनिर्मित उत्पाद, आदिवासी गुड़िया, जैविक उत्पाद आदि प्रदर्शित किए गए।
इस अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जितेन्द्र सिंह चौहान, अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, डिप्टी कलेक्टर महेश बड़ोले, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) झाबुआ भास्कर गाचले सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!