*संकल्प से समाधान, गैस आपूर्ति और नरवाई प्रबंधन पर कलेक्टर ने दिए निर्देश*
*धार, 15 मार्च 2026।* कलेक्टर श्री प्रियंक मिश्रा की अध्यक्षता में समयावधि पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर अपने विभागों का प्रदर्शन बेहतर बनाएं। बैठक में गैस आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे एसडीओपी एवं थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर समन्वय बनाएं, ताकि कहीं भी गैस आपूर्ति को लेकर कोई संकट की स्थिति निर्मित न हो और कानून व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अवैध गतिविधि की प्रथम घटना पर ही सख्त कार्रवाई करते हुए दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाए। कलेक्टर ने कहा कि जिन शासकीय संस्थानों में पाइप्ड नेचुरल गैस की सुविधा उपलब्ध है, वहां उसका उपयोग अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक स्थानों पर कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएं। नरवाई प्रबंधन को लेकर कलेक्टर ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि खेतों में नरवाई जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जाए। यदि कहीं घटना होती है तो संबंधित जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि नरवाई प्रबंधन के लिए उपयोग में आने वाली मशीनों का उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा नियमों का उल्लंघन करने पर मशीनें जब्त करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य में सभी विभागों का संयुक्त प्रयास आवश्यक है। बैठक में आदिवासी छात्रावासों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिन छात्रावासों में वर्तमान में विद्यार्थी नहीं रह रहे हैं, वहां लंबित मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं। साथ ही जहां-जहां ई-गवर्नेंस से संबंधित व्यवस्थाएं स्थापित की गई हैं, उनकी तकनीकी जांच कर उन्हें सुचारू रूप से संचालित किया जाए। गेहूं उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि सभी केंद्रों पर किसानों के लिए शुद्ध पेयजल, स्वच्छ शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। सभी एसडीएम स्वयं केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें तथा किसानों द्वारा रखे गए अनाज की भी स्थिति का निरीक्षण करें। बैठक में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में किए गए रिव्यू की जानकारी ली तथा यू-विन (U-WIN) पोर्टल पर प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि विभागीय अमले को रियल टाइम एंट्री सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में जनगणना 2027 की तैयारियों की भी समीक्षा कर कार्य की प्रगति जानी तथा आवश्यक निर्देश दिए गए। साथ ही स्वच्छ पीथमपुर अभियान की समीक्षा करते हुए अभियान के बेहतर क्रियान्वयन के लिए डूडा (DUDA) की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने आदि कर्मयोगी अभियान तथा ई-ऑफिस प्रणाली की भी समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में पर्यटन विकास, एमपी टूरिज्म, जिला पंचायत के आवासीय कार्यों सहित अन्य विभागीय योजनाओं की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने बताया कि उज्ज्वला योजना का लक्ष्य जिले में पूर्ण किया जा चुका है। साथ ही प्रेस सेवा पोर्टल, जन आरोग्य केंद्र, जन औषधि केंद्र एवं आयुष्मान भारत योजना से संबंधित प्रकरणों की भी समीक्षा कर आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान कलेक्टर ने आदिवासी क्षेत्र में मशीन चोरी की घटना को लेकर संबंधित थाने में एफआईआर दर्ज कराने के भी निर्देश दिए। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने हेतु “सुगम सम्पर्कता परियोजना” के क्रियान्वयन की जानकारी भी दी गई। इस परियोजना के अंतर्गत ऐसे ग्राम, ग्राम पंचायत एवं 100 से अधिक जनसंख्या वाले मजरे-टोलों को जोड़ने का कार्य किया जाएगा, जहां पहुंच मार्ग की कमी है। सड़क चयन एवं डीपीआर तैयार करने के लिए SIPRI मोबाइल एप एवं RIMS पोर्टल का उपयोग किया जाएगा तथा कार्यों की निगरानी ड्रोन तकनीक के माध्यम से की जाएगी। बैठक में अपर कलेक्टर श्री संजीव केशव पाण्डेय, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री अभिषेक चौधरी सहित जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।
देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज
प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।