Connect with us

झाबुआ

कलेक्टर ने बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात सुधार के लिए अस्थायी दुकानों एवं अतिक्रमण को हटाने हेतु पुलिस एवं सीएमओ को निर्देशित किया

Published

on

झाबुआ – कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सड़क सुरक्षा से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि वर्तमान MoRTH (सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय) की गाइडलाइन के अनुसार फूलमाल तिराहा को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। इस स्थान पर दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रम्बल स्ट्रिप एवं संकेतक लगाने की अनुशंसा की गई है। कलेक्टर ने NHAI को निर्देशित किया कि उक्त सुधारात्मक कार्य 15 दिवस के भीतर पूर्ण किया जाए।

कलेक्टर ने सड़क सुरक्षा को सुदृढ़ बनाने के लिए सभी संबंधित विभागों को शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान तैयार कर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य निर्धारित किया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष सड़क दुर्घटनाओं एवं मृत्यु दर में 50 प्रतिशत की कमी लाई जाए। साथ ही, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने हेतु डिकंजेशन के कार्य प्राथमिकता के आधार पर किए जाने के निर्देश दिए।

बैठक में बस स्टैंड झाबुआ क्षेत्र में यातायात सुधार के लिए अस्थायी दुकानों एवं अतिक्रमण को हटाने, आवागमन को व्यवस्थित करने तथा नियमों की अवहेलना करने वालों पर कार्रवाई करने हेतु पुलिस एवं सीएमओ को निर्देशित किया गया। इसके अतिरिक्त छत्री चौक, गांधी प्रतिमा के पीछे एवं पुराने शिक्षा विभाग के पास अस्थायी पार्किंग विकसित करने के निर्देश दिए गए। छोटे तालाब पर निर्मित वॉकिंग पाथवे को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए भी आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया। कलेक्टर ने सीएमओ एवं लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि 15 दिवस के भीतर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर निर्माण की कार्रवाई पूर्ण की जाए।

बैठक में जानकारी दी गई कि 22 अप्रैल 2026 तक जिले में 372 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 58 लोगों की मृत्यु तथा 449 लोग घायल हुए। इसके अलावा जनवरी से अब तक 7,899 चालानी कार्रवाई की गई है। कलेक्टर ने हेलमेट की अनिवार्यता को सख्ती से लागू करने एवं रेंडम चेकिंग बढ़ाने के निर्देश दिए।

प्रधानमंत्री कैशलेस उपचार योजना के अंतर्गत जिले में 26 अस्पताल इम्पैनल्ड हैं। हाल ही में प्राप्त 15 आवेदनों में से 13 को स्वीकृति प्रदान की गई है। कलेक्टर ने जिला अस्पताल में इस योजना के अंतर्गत शत-प्रतिशत प्रकरण दर्ज करने के निर्देश दिए तथा अस्पताल परिसर के आसपास अतिक्रमण पूर्ण रूप से हटाने को कहा।

राहवीर योजना के अंतर्गत प्रकरण भेजने से पूर्व सहायता के प्रभाव को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही जिले के सभी बस स्टैंडों पर यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने एवं अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।

कलेक्टर ने निर्देशित किया कि आगामी बैठक में सभी विभाग अपने-अपने शॉर्ट टर्म एवं लॉन्ग टर्म प्लान के साथ पूर्ण तैयारी के साथ उपस्थित हों। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिपाल सिंह महोबिया, संयुक्त कलेक्टर विजय कुमार मंडलोई, जिला परिवहन अधिकारी श्रीमती कृतिका मोहटा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!