Connect with us

झाबुआ

पेटलावद जनसुनवाई में भूमि विवाद, बिजली बिल, जल संकट एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई

Published

on

झाबुआ – । कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट द्वारा पेटलावद में विकासखण्ड स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में नागरिकों ने विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए, जिन पर कलेक्टर द्वारा संबंधित विभागों को त्वरित एवं आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

जनसुनवाई में आवेदक ताजबी पिता फकीर मोहम्मद निवासी मेला ग्राउन्ड बामनिया ने शिकायत प्रस्तुत करते हुए बताया कि उनका भवन पंचायत के सम्पत्ति कर रजिस्टर में दर्ज है, जिस पर उनका कब्जा है। इसके बावजूद अन्य व्यक्तियों के नाम से भवन प्रमाण पत्र जारी कर उनके मकान पर जबरन कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा है। आवेदक ने आरोप लगाया कि संबंधित भूमि सर्वे नंबर 104 नजूल की शासकीय भूमि है तथा ग्राम पंचायत द्वारा गलत आधार पर भवन प्रमाण पत्र जारी किया गया है। कलेक्टर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्कालीन सचिव को टर्मिनेट करने के निर्देश दिए ।

आवेदिका राधा पिता रामलाल पाल निवासी बामनिया ने विद्युत बिल में त्रुटि की शिकायत करते हुए बताया कि बिल दिनांक 13 मई 2026 में मीटर रीडिंग 3233 दर्शाकर 551 यूनिट का बिल 5247 रुपये का जारी किया गया है, जबकि वास्तविक मीटर रीडिंग 2795 है तथा अप्रैल माह की रीडिंग 2682 होने से कुल 113 यूनिट ही बनती है। इस संबंध में आवेदन प्रस्तुत करने पर कलेक्टर ने एमपीईबी को जांच कर त्रुटि पाए जाने पर बिल में सुधार करने के निर्देश दिए।

आवेदिका रतन कुंवर पति स्व. मिठूसिंह राठौर निवासी डोगरे नगर रतलाम ने ग्राम घुघरी स्थित अपनी भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत प्रस्तुत की। आवेदिका ने बताया कि सीमांकन कराए जाने के बावजूद कब्जा नहीं दिलाया जा रहा है तथा विपक्षीगण वर्षों से भूमि पर कब्जा किए हुए हैं। विधवा होने के कारण उन्हें न्याय प्राप्त करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। मामले में आवश्यक कार्यवाही के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

आवेदिका सुनीता पति सुभाष चन्द्र निवासी माधव कॉलोनी पेटलावद ने भू-राजस्व राशि जमा होने के बावजूद बकाया नोटिस एवं दोबारा वसूली किए जाने की शिकायत की। आवेदिका ने बताया कि वर्ष 2012-13 से 2017-18 तक की राशि ऑफलाइन जमा की गई थी, किन्तु अब उन रसीदों को अमान्य बताकर पुनः राशि जमा कराने का दबाव बनाया जा रहा है। साथ ही पंचायत उपकर एवं भू-राजस्व की दोहरी वसूली का आरोप लगाया गया। मामले में संबंधित राजस्व अधिकारियों को जांच कर उचित निराकरण के निर्देश दिए गए।

आवेदक अंतोन कटारा, सहायक शिक्षक माध्यमिक विद्यालय गोपालपुरा ने तृतीय क्रमोन्नति वेतनमान बंद किए जाने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि 30 वर्ष की सेवा पूर्ण होने पर विभागीय क्रमोन्नति समिति की अनुशंसा से उन्हें तृतीय क्रमोन्नति वेतनमान स्वीकृत हुआ था, जो केवल दो माह प्राप्त होने के बाद जनवरी 2026 से बंद कर दिया गया। जबकि समान नियुक्ति तिथि वाले अन्य शिक्षकों को यह लाभ निरंतर दिया जा रहा है। कलेक्टर ने जनजातीय कार्य विभाग को तत्काल आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।

आवेदक ईश्वरलाल पिता रतन पाटीदार निवासी ग्राम रामगढ़ पेटलावद ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर कामधेनु योजना के अंतर्गत आवेदन लंबित होने की शिकायत की। आवेदक ने बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त करने एवं पात्रता पूर्ण होने के बावजूद उन्हें योजना का लाभ नहीं मिल रहा है। इस पर कलेक्टर ने मध्यप्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रबंधक को आवेदक को योजना अंतर्गत लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

ग्राम मठमठ के ग्रामीणों ने नवीन पानी की टंकी में जल आपूर्ति प्रारंभ नहीं होने की शिकायत की। ग्रामीणों ने बताया कि वर्ष 2023-24 में निर्मित पानी की टंकी को माही नदी से पाइपलाइन द्वारा जोड़ने की योजना बनाई गई थी, किन्तु आज तक जलापूर्ति प्रारंभ नहीं हुई। कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं को दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है। मामले में तत्काल जलापूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

आवेदक शम्भु पिता जवरा वाखला निवासी रायपुरिया ने फार्मर रजिस्ट्री में भूमि अपडेट नहीं होने की शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि फरवरी 2026 में ऑनलाइन आवेदन करने के बावजूद उनकी भूमि अब तक रजिस्ट्री में अपडेट नहीं हुई, जिसके कारण उन्हें कृषि हेतु खाद प्राप्त करने में समस्या आ रही है। संबंधित विभाग को शीघ्र आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

आवेदिका हकरी पति हरीराम मैडा निवासी ग्राम खाखरापाडा पंचायत गंगाखेड़ी ने ई-केवाईसी एवं बैंक खाते में धोखाधड़ी की शिकायत प्रस्तुत की। आवेदिका ने बताया कि ग्राम पंचायत में नियुक्त मोबाईलजर द्वारा उनके बैंक खाते से मोबाइल नंबर हटाकर अपना नंबर जोड़ दिया गया तथा फर्जी खाते के माध्यम से सरकारी योजनाओं की राशि निकाली जा रही है। शिकायत करने पर झगड़ा एवं विवाद करने का आरोप भी लगाया गया। मामले में गंभीरता से जांच कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।

पेटलावद में आयोजित जनसुनवाई में कुल 166 आवेदन प्राप्त हुए। साथ ही “जन भागीदारी: सबसे दूर, सबसे पहले” अभियान के अंतर्गत आयोजित शिविर में 25 आभा आईडी, 17 आयुष्मान कार्ड, 6 आधार अपडेट तथा 1 नया आधार कार्ड बनाया गया।

वहीं जिला मुख्यालय पर अपर कलेक्टर सी.एस. सोलंकी द्वारा आयोजित जनसुनवाई में कुल 66 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए । इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद सुश्री तनुश्री मीणा, सहायक कलेक्टर सुश्री आयुषी बंसल, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अक्षय सिंह मरकाम एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्य प्रदेश का सबसे बड़ा मंच है यहाँ विभिन्न टीवी चैनेलो और समाचार पत्रों में कार्यरत पत्रकार अपनी प्रमुख खबरे प्रकाशन हेतु प्रेषित करते है।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement
झाबुआ13 hours ago

कोतवाली पुलिस की बड़ी कार्रवाई : अवैध गांजा एवं ब्राउन शुगर सहित तीन आरोपी गिरफ्तार*

झाबुआ15 hours ago

सीएम हेल्पलाइन में वित्त विभाग की रैंकिंग में धार जिला पूरे मध्य प्रदेश में शीर्ष 10 (टॉप-10) जिलों में शामिल

झाबुआ15 hours ago

पेटलावद जनसुनवाई में भूमि विवाद, बिजली बिल, जल संकट एवं शासकीय योजनाओं से जुड़े मामलों पर हुई सुनवाई

झाबुआ19 hours ago

पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा जिला पुलिस लाइन झाबुआ में जनरल परेड का निरीक्षण

पेटलावद21 hours ago

झाबुआ पुलिस अधीक्षक श्री देवेंद्र पाटीदार द्वारा थानों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों का सघन निरीक्षण, हत्या प्रकरणों के शीघ्र खुलासे के निर्देश

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!