Connect with us

झाबुआ

कौशल विकास से आत्मनिर्भर बनें और उज्ज्वल भविष्य गढ़ें : एसडीएम भास्कर गाचले

Published

on

थांदला (वत्सल आचार्य की रिपोर्ट)                            युवाओं को रोजगारोन्मुखी शिक्षा एवं कौशल विकास से जोड़ने के उद्देश्य से थांदला अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) भास्कर गाचले द्वारा नवीन शैक्षणिक सत्र में आईटीआई प्रवेश को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन उनके कार्यालय में किया गया। बैठक में आईटीआई थांदला के प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान आईटीआई प्राचार्य ने संस्थान में संचालित विभिन्न ट्रेडों, उपलब्ध सीटों तथा प्रवेश प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि शासकीय आईटीआई थांदला में वर्तमान में कुल छह ट्रेड संचालित हैं, जिनमें कुल 172 सीटें उपलब्ध हैं। इन ट्रेडों में आठवीं एवं दसवीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं प्रवेश प्राप्त कर सकते हैं।

प्राचार्य ने यह भी जानकारी दी कि बाहर से आने वाले विद्यार्थियों के लिए थांदला स्थित छात्रावासों में निःशुल्क आवास सुविधा उपलब्ध है। ऐसे विद्यार्थी जिन्हें रहने की समस्या हो, वे छात्रावास में रहकर अपनी तकनीकी शिक्षा एवं प्रशिक्षण प्राप्त कर सकते हैं।

बैठक के दौरान एसडीएम भास्कर गाचले ने आईटीआई में अधिक से अधिक प्रवेश सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए तथा क्षेत्र के अभिभावकों एवं छात्र-छात्राओं से आईटीआई में प्रवेश लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक दौर में केवल पारंपरिक शिक्षा ही नहीं, बल्कि कौशल आधारित प्रशिक्षण भी अत्यंत आवश्यक है। कौशल विकास के माध्यम से युवा आत्मनिर्भर बन सकते हैं और अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रख सकते हैं।

एसडीएम गाचले ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के लिए कौशल विकास कार्यक्रमों पर विशेष ध्यान दे रही हैं। आईटीआई जैसे संस्थानों से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद युवा न केवल रोजगार प्राप्त कर सकते हैं, बल्कि स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं तथा अपने परिवार के आर्थिक स्तर को भी सुदृढ़ कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को ऐसा तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदान करना है जिससे उन्हें रोजगार की तलाश में भटकना न पड़े, बल्कि वे स्वयं अपने कौशल के बल पर नए अवसरों का निर्माण कर सकें।

बैठक के अंत में आईटीआई थांदला के प्राचार्य एवं स्टाफ ने एसडीएम भास्कर गाचले का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग की अपेक्षा जताई। साथ ही नवीन सत्र में अधिक से अधिक विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा से जोड़ने के लिए संयुक्त रूप से प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

देश दुनिया की ताजा खबरे सबसे पहले पाने के लिए लाइक करे प्रादेशिक जन समाचार फेसबुक पेज

प्रादेशिक जन समाचार स्वतंत्र पत्रकारिता के लिए मध्यप्रदेश का सबसे बड़ा मंच है। यहां विभिन्न समाचार पत्रों/टीवी चैनलों में कार्यरत पत्रकार अपनी महत्वपूर्ण खबरें प्रकाशन हेतु प्रेषित करते हैं ।

Advertisement

Subscribe Youtube

Advertisement

सेंसेक्स

Trending

कॉपीराइट © 2025. प्रादेशिक जन समाचार

error: Content is protected !!