मोदी सरकार के 12 वर्ष: सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम अध्याय – गुमान सिंह डामोर
बोरी। भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व में केंद्र की प्रधानमंत्री Narendra Modi सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में बोरी मंडल में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पूर्व सांसद एवं पूर्व विधायक गुमान सिंह डामोर ने सहभागिता करते हुए कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणजनों को संबोधित किया तथा विकास कार्यों का अवलोकन किया।
कार्यक्रम से पूर्व पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने बोरी स्थित सामुदायिक भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह भवन उनके सांसद कार्यकाल में स्वीकृत कराया गया था, जिसकी लागत लगभग 50 लाख रुपये है। उन्होंने कहा कि यह भवन क्षेत्र की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं सामुदायिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा तथा ग्रामीणों को विभिन्न आयोजनों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। ग्रामीणों ने भी भवन निर्माण को क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
अपने उद्बोधन में गुमान सिंह डामोर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन और जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला, युवा और वंचित वर्ग के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य किया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से गरीबों को पक्के घर, उज्ज्वला योजना से माताओं-बहनों को धुएं से मुक्ति, आयुष्मान भारत योजना से करोड़ों लोगों को स्वास्थ्य सुरक्षा तथा किसान सम्मान निधि से किसानों को आर्थिक सहायता प्राप्त हो रही है। जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत अभियान, डिजिटल इंडिया, आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसे अभियान देश को नई दिशा देने वाले साबित हुए हैं।
डामोर ने कहा कि आज भारत विश्व मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और प्रभावशाली राष्ट्र के रूप में स्थापित हुआ है। देश में सड़क, रेल, हवाई सेवा, शिक्षा, स्वास्थ्य और ग्रामीण विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का मूल मंत्र “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” है, जिसके माध्यम से देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे मोदी सरकार की उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाकर विकसित भारत के संकल्प को मजबूत करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र निर्माण के संकल्प को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम उत्साह, संगठनात्मक ऊर्जा और विकास के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक बनकर उभरा।
विशेष बात यह रही कि बोरी में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से निर्मित सामुदायिक भवन का निरीक्षण करते हुए पूर्व सांसद गुमान सिंह डामोर ने कहा कि विकास केवल घोषणाओं से नहीं, बल्कि धरातल पर दिखाई देने वाले कार्यों से सिद्ध होता है और यह भवन उसी विकासवादी सोच का जीवंत उदाहरण है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष सुमेर सिंह डावर ने की। इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष एवं उपसरपंच राधेश्याम राठौर, पूर्व सांसद प्रतिनिधि संजय गांधी, मंडल महामंत्री प्रकाश, भाजपा एनजीओ प्रकोष्ठ के जिला संयोजक मनोज अरोरा, मंडल संयोजक एवं सरपंच नवल सिंह अमलियर, भाजपा नेत्री शारदा बेन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
आभार मण्डल के महामंत्री प्रकाश ने माना